- गोरखपुर स्थित बेलीपार एरिया के बिजरा पुल की घटना

GORAKHPUR: बांसगांव दीवानी न्यायालय से बंदियों को लेकर जिला कारागार लौट रही पुलिस वैन हादसे की शिकार हो गई। मंगलवार की दोपहर कौड़ीराम-विजरा पुल पर अनियंत्रित वैन नीचे गिर गई। हादसे में दो बंदी और तीन पुलिस कर्मचारियों की मौत हो गई। सिपाहियों के मौत की सूचना से पुलिस महकमे में मातम पसर गया। आइजी, डीआइजी, एसएसपी सहित भारी संख्या में पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे। हादसे के शिकार सिपाहियों के परिवारीजनों से मिलकर अधिकारियों ने गहरा दुख जताया। आइजी ने कहा कि मृत सिपाहियों के फैमिली मेंबर्स को हर संभव मदद दी जाएगी।

बांसगांव से लौट रही थी पुलिस वैन

जिला कारागार में निरुद्ध दो बंदियों की पेशी बांसगांव न्यायालय में थी। मंगलवार सुबह पुलिस लाइन से तीन सिपाहियों की ड्यूटी लगी। पुलिस वैन से दोनों बंदियों को लेकर पुलिस बांसगांव पहुंची। दोपहर करीब सवा दो बजे पुलिस वैन गोरखपुर लौट रही थी। कौड़ीराम, बगहा बाबा वीर मंदिर से आगे विजरा पुल पर वैन पहुंची। उसी दौरान वैन का एक पिछला टॉयर ब्रस्ट कर गया। सामने से आ रहे वाहनों से टक्कर बचाने में पुलिस वाहन के चालक ने नियंत्रण खो दिया। बेकाबू वाहन पुल से नीच गिर गया।

तीस फिट नीचे गिरा, उड़े परखचे

गोरखपुर-वाराणसी हाइवे पर स्थित विजरा पुल की ऊंचाई तीस फिट होगी। पुल से नीचे गिरने पर पुलिस वैन के परखचे उड़ गए। पुलिस वैन के ड्राइवर, तीन पुलिस कर्मचारियों और दोनों बंदियों की हालत बिगड़ गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। वैन के ड्राइवर सच्चिदानंद पांडेय, कांस्टेबल अवधेश यादव, राधेश्याम राय और बंदी भरत कुमार की मौके पर मौत हो गई। कांस्टेबल गौरी शंकर और बंदी राम मिलन को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर राम मिलन को डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

खुद गाड़ी चलाकर पहुंचे एसपी सिटी

पुलिस वैन के एक्सीडेंट की सूचना पर पुलिस अफसर दौड़ पड़े। आइजी हरीराम शर्मा ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल सिपाही से मुलाकात की। एसआईसी एचआर यादव सहित अन्य डॉक्टर्स को उपचार का समुचित इंतजाम करने को कहा। डीआइजी शिव सागर सिंह, एसएसपी अनंत देव, एसपी ग्रामीण ब्रजेश सिंह सहित कई पुलिस अफसर आनन फानन में मौके पर पहुंचे। जिला अस्पताल का इंतजाम देखने के लिए एसपी सिटी हेमराज मीणा खुद गाड़ी लेकर गए। इमरजेंसी वार्ड में खुद घायलों के लिए उपचार का इंतजाम कराया।

कर्मचारियों की मौत से मातम

तीन पुलिस कर्मचारियों की मौत से महकमे में मातम पसर गया। घटनास्थल से लेकर जिला अस्पताल तक तांता लग गया। हादसे की सूचना पर पुलिस कर्मचारियों के परिवारीजन भी पहुंचे। लेकिन उनको एक्सीडेंट में किसी के मौत की सूचना काफी देर तक नहीं दी गई। एक्सीडेंट के शिकार पुलिस कर्मचारियों के सहकर्मी हादसे पर विश्वास नहीं कर पा रहे थे।

बॉक्स

हादसे में मारे गए पुलिस कर्मी

1. कांस्टेबल अवधेश यादव, निवासी गोपालपुर, थाना सुखपुरा, जिला बलिया

2. कांस्टेबल राधेश्याम राय, निवासी सुहवल, थाना सुहवल, जिला गाजीपुर

3. कांस्टेबल चालक सच्चिदानंद पांडेय, तलडीहा, थाना सलेमपुर, देवरिया

हादसे में घायल पुलिस कर्मी

1. कांस्टेबल गौरीशंकर चौहान, निवासी गिठनी, थाना- महुली संतकबीर नगर

हादसे के शिकार बंदी

1. राम मिलन पुत्र राम गरीब, रघुनाथपुर, हरिहरपुर, थाना बांसगांव।

2. भरत पुत्र लालजी, देइयापार, थाना सहजनवां।

बॉक्स

चोरी के आरोप में पकड़े गए थे बंदी

पुल से पुलिस वैन गिरने पर हादसे के शिकार हुए बंदी चोरी के आरोप में पकड़े गए थे। बांसगांव एरिया के गढ़वा-चतुर निवासी अजय कुमार का पोल्ट्री फार्म है। आरोप है कि 22 मार्च को पोल्ट्री फार्म पर लगा मोटर खोलने की कोशिश में लोगों ने उनको धर दबोचा। पिटाई करके पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ चोरी, चोरी के माल के साथ पकड़े जाने का केस दर्ज किया। दोनों बंदियों की जमानत के लिए उनके घरवालों ने न्यायालय में अर्जी दी थी। मंगलवार को पुलिस दोनों बंदियों को कोर्ट ले गई.कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस उनको जिला कारागार लेकर लौट रही थी।

पुलिस वैन के पिछले चक्के का टायर अचानक ब्रस्ट होने से वाहन बेकाबू हुआ या फिर पुल से गिरने पर टायर ब्रस्ट हुआ होगा। वाहन की स्थित देखने से ऐसा अंदाजा लगा पाना मुश्किल था। एक्सीडेंट की वजह की पड़ताल की जा रही है।

-ब्रजेश सिंह, एसपी ग्रामीण