- दीवानी से टॉयलेट के बहाने हो गया गायब

- बंदी के जाते ही घबराया पुलिसकर्मी हो गया लापता

आगरा। दीवानी परिसर से एक बार फिर से बंदी के भागने का मामला प्रकाश में आया है। हत्या के मामले में नामजद बंदी की मंगलवार को पेशी हुई थी। शाम को गिनती के दौरान वह गायब मिला। साथ आया पुलिसकर्मी भी गायब था। इसी के बाद महकमे में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर एसपी सिटी, सीओ हरीपर्वत मय फोर्स के साथ पहुंच गए। फरार बंदी की तलाश कराई जा रही है। दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पेशी पर लेकर आया था

केदार नगर शाहगंज निवासी उपनेश वर्मा 2014 से हत्या के मामले में पकड़ा गया था। राम नगर में उसने हत्याकांड की वारदात को अंजाम दिया था। उसे मंगलवार की दोपहर को कोर्ट में पेशी के लिए जिला जेल से लाया गया। उसके साथ कांस्टेबल अशोक उसकी देखरेख के लिए साथ आया था। पेशी कराने के बाद उसे हवालात में बंद कर दिया। शाम को जब बंदियों की गिनती हुई तो वह नदारद मिला। उसके साथ आया कांस्टेबल भी गायब था।

मौके पर पहुंचा पुलिस फोर्स

जानकारी होने के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर एसपी सिटी आरके सिंह, सीओ हरीपर्वत सलमान ताज पाटिल मय फोर्स के पहुंच गए थे। आते ही अधिकारियों ने गायब पुलिसकर्मी से बात की तो वह बहुत ही घबराया हुआ था। वह इस घटना के बाद से घबरा कर भाग गया। अधिकारी किसी तरह उसे समझा रहे थे।

टॉयलेट के बहाने भागा बंदी

कांस्टेबल ने अधिकारियों को बताया कि वह उसे टॉयलेट कराने ले गया था। उसने रस्सी भी बांध रखी थी पर न जाने वह कैसे रस्सी खोल कर फरार हो गया। काफी देर तक न आने पर उसने चेक किया तो वह नहीं था। यह देखते ही उसके होश उड़ गए। वह भी कार्रवाई के डर से वहां से भाग निकला। थाना न्यू आगरा में दोषी पुलिस कर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।