ALLAHABAD: उपनिबन्धक सह न्यायपीठ सचिव शैलेन्द्र कुमार दूबे को संयुक्त निबन्धक सह न्यायपीठ सचिव, रमाकांत सहायक निबन्धक सह न्यायपीठ सचिव को उपनिबन्धक सह न्यायपीठ सचिव, राधेश्याम वर्मा सहायक निबन्धक सह न्यायपीठ सचिव को उप निबन्धक सह न्यायपीठ सचिव, सुधाकर त्रिपाठी, दिलीप कुमार पांडेय, विजय त्रिपाठी, जयप्रकाश गुप्ता, मनोज कुमार जायसवाल व रईस हासिम को न्यायपीठ सचिव श्रेणी एक से सहायक निबन्धक सह न्यायपीठ सचिव पद पर प्रोन्नति दी गयी है। यह जानकारी इलाहाबाद हाईकोर्ट कर्मचारी अधिकारी संघ के महासचिव बृजेश शुक्ला ने दी है।

हत्यारोपी की जमानत खारिज

हत्यारोपी मनोज कुमार सिंह पुत्र दानबहादुर निवासी जगबंधनपुर थाना सरायइनायत की जमानत अर्जी अपर जिला जज रमेश चन्द्र ने उभयपक्ष का तर्क सुनने के बाद खारिज कर दी। जमानत अर्जी का विरोध करते हुए सहायक शासकीय अधिवक्ता केएन सिंह ने कोर्ट को बताया कि अभियुक्त ने साथियों के साथ मिलकर गुड्डू सिंह व प्रियंका सिंह पर कातिलाना हमला किया। इसी चोट के कारण गुड्डू सिंह की मौत हो गई।

अभी नहीं हो सकेगा फैसला

अयोध्या में राम जन्म भूमि परिसर में आतंकवादियों द्वारा किए गए विस्फोट कांड में कई लोगों की जान चली गई, कई घायल हो गए। मुकदमे की सुनवाई विशेष न्यायाधीश प्रेमनाथ द्वारा केन्द्रीय कारागार नैनी में हो रही थी। गवाहों की गवाही भी दर्ज की गई। उक्त न्यायाधीश का जिला न्यायालय में सोमवार को अंतिम कार्य दिवस रहा। उनका स्थानांतरण हो जाने से इस मुकदमे का फैसला फिर टल गया है।

एसएसपी ने मांगा 48 घंटे का समय

एसओ शिवकुटी की ओर से अधिवक्ता संतोष कुमार पाण्डेय के साथ किए गए दु‌र्व्यवहार के मामले में एल्डर कमेटी के वरिष्ठ सदस्य कृष्ण बिहारी तिवारी ने एसएसपी से बात की। एसएसपी ने कार्रवाई के लिए 48 घंटे का समय मांगा। गौरतलब है कि जिला न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष खन्ना पर कातिलाना हमला 10 अप्रैल को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हुआ। इसमें 100 नम्बर की पुलिस ने दो लोगों को मौके से गिरफ्तार किया। एसएसपी ने संघ के मंत्री अरूण कुमार पाण्डेय व वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुश कुमार पाण्डेय को आश्वासन दिया था कि मौके से भागे अन्य अपराधियों- हमलावरों को दो दिन में पकड़ लिया जाएगा, लेकिन अभी तक पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पायी है।