विनय सिंह हत्याकांड में पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी

घटना में लापरवाही सामने आने पर भी नहीं एसओ को नहीं किया जा रहा निलम्बित

ALLAHABAD: धूमनगंज के प्रापर्टी डीलर विनय सिंह हत्याकांड में पुलिस अब उसके करीबियों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद ही दो आरोपियों आलम व अनवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। दो अन्य आरोपी इमरान व बबलू अभी पुलिस पकड़ से दूर हैं।

गुस्से में हैं परिवार वाले

घटना को लेकर विनय के परिजन पुलिस पर सवाल उठा रहे हैं। पिता का कहना है कि यदि पुलिस ने उनकी ओर से दी गई जानकारियों पर गंभीरता से पहल की होती तो विनय की जान बचाई जा सकती थी। उनका कहना है कि साफ-साफ पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद भी पुलिस अधिकारी दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

पुलिस ने बरती थी लापरवाही

धूमनगंज के नारायण सहाय सिंह के बेटे विनय को अगवा कर मौत के घाट उतार दिया गया था। नारायण सहाय ने बेटे के अपहरण के बाद एक वीडियो फुटेज पुलिस को दी थी। उनका कहना है कि पुलिस ने उनकी ओर से पुख्ता सबूत देने के बाद भी उचित कदम नहीं उठाया, जिसकी वजह से विनय की हत्या हो गई। हालांकि पुलिस ने मुख्य आरोपी आलम व अनवर को गिरफ्तार कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया, लेकिन दो आरोपी अभी उनकी पकड़ से बाहर हैं। बता दें कि पकड़ा गया आलम पूर्व प्रधान आबिद का भाई बताया गया है।

अब सच ढूंढ़ने का प्रयास

विनय की हत्या के बाद पुलिस उसके करीबियों से घटना के पीछे की सच्चाई पता करने में जुटी है। वह विनय के करीबी दोस्तों और खास जानने वालों की खोजबीन कर रही है।

कर्मचारियों ने रखा दो मिनट का मौन

विकास भवन कर्मचारी महासंघ की ओर से कर्मचारी नारायण सहाय सिंह के बेटे विनय सिंह की मौत पर शोक सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर सीडीओ आन्द्रे वामसी सहित सैकड़ों की संख्या में कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रख गतात्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। महासंघ के अध्यक्ष नरसिंह ने सीडीओ के समक्ष तीन प्रमुख मांग रखी। इसमें इंस्पेक्टर को तत्काल निलम्बित करने, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी व पुत्रवधू को 25 लाख रुपए की सहायता राशि देने की मांग शामिल है।