प्रापर्टी की रंजिश में हत्या का आरोप
kanpur@inext.co.in
KANPUR : चकेरी में लापता प्रापर्टी डीलर की हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार सुबह एक दूसरे प्रापर्टी डीलर के मकान से बरामद हुआ। शव पॉलीथिन और बोरे में बंद था। मकान से बदबू आने पर नौकरानी ने शोर मचाया तो आरोपी प्रापर्टी डीलर की पत्नी ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो बोरे में बंद शव बरामद हो गया। परिजनों ने साथी प्रापर्टी डीलर, उसकी पत्नी और चार साथियों पर हत्या का आरोप लगाया। कहा जा रहा है कि प्रापर्टी डीलर की डेढ़ करोड़ रुपए कीमत की एक जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश में उसका कत्ल किया गया है।

रजिस्ट्री के बहाने कचहरी बुलाया
गणेशपुर गांव निवासी किशनलाल का बेटा रणविजय (30) प्रापर्टी डीलर था। परिवार में पत्नी रेखा, दो बेटे सूर्या, आर्यन और बेटी शिखा है। रणविजय की सनिगवां की एक जमीन को लेकर ओमपुरवा के जगदम्बा और उसके साथियों से रंजिश चलती थी। रणविजय और जगदम्बा दोनों जमीन पर अपना मालिकाना हक जताते थे। इस जमीन की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए बताई गई है। इसे लेकर कोर्ट में मुकदमा भी चला था। जिसमें करीब एक महीने पहले रणविजय के पक्ष में आदेश दिया था। रणविजय जमीन की रजिस्ट्री करने जा रहा था। जिसका पता चलने पर जगदम्बा और उसके साथियों ने रणविजय को धमकी दी थी कि अगर जमीन पर निगाह डाली या इसे बेचने की कोशिश की तो मारे जाओगे। रणविजय की पत्नी रेखा के मुताबिक रणविजय को लगातार फोन पर धमकी मिल रही थी। भाई मिश्रीलाल के मुताबिक इस बीच जगदम्बा ने रणविजय से समझौता कर उसको 9 जुलाई को रजिस्ट्री के बहाने कचहरी बुला लिया। इसके बाद रणविजय की हत्या कर शव छुपा दिया गया।