सिर्फ एक कॉल आने के बाद हुई प्रॉपर्टी डीलर की हत्या

सुबह पड़ोसी के बाड़े में मिली बॉडी पर चोटों के निशान

आगरा। यह क्या वक्त आ चुका है। कोई भी किसी से मतलब नहीं रख रहा। कब, क्या हुआ और कैसे हुआ, यह कोई नहीं जानता है या जानने की कोशिश नहीं करता है। कुछ यही हुआ है थाना ताजगंज के पचगई खेड़ा में। एक प्रॉपर्टी डीलर का मर्डर होता है, और कोई अपनी जुबान खोलने के लिए तैयार नहीं होता है। लिहाजा कोई ठोस वजह भी नहीं पता चली। फिलहाल प्रॉपर्टी डीलर के घर कोहराम मचा हुआ है और पुलिस घटना की वजह जानने में जुटी है।

रात में भाई के साथ खाया था खाना

पचगई खेड़ा निवासी बल्देव शर्मा पुत्र नत्थीलाल शर्मा प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। बल्देव चार भाईयों में तीसरे नम्बर के थे। सबसे बड़े मनीराम बल्केश्वर में रहते हैं। दूसरे नम्बर के योगेश जयपुर में रहते हैं। सबसे छोट उपेंद्र आर्मी में हैं। उपेंद्र छुट्टी लेकर आए हुए थे। यहां बल्देव के साथ छोटे भाई की पत्‍‌नी व दो बच्चे रहते हैं। परिजनों के मुताबिक शनिवार रात 11 बजे बल्देव ने भाई उपेंद्र के साथ खाना खाया। साथ ही भारत-साउथ अफ्रीका का क्रिकेट मैच भी देखा। फिर भाई चला गया। रिश्तेदारों के अनुसार बल्देव के मोबाइल पर किसी का कॉल आया। कॉल अटेंड करने के बाद वह घर से बिना चप्पल पहने चले गए। मोबाइल घर ही छोड़ गए। छोटे भाई ने काफी इंतजार किया, लेकिन बल्देव वापस नहीं लौटे।

दूध विक्रेता ने दी जानकारी

रात 12:30 तक उपेंद्र ने भाई का इंतजार किया। इसके बाद मोबाइल चेक किया। जिस नंबर से कॉल आया, उस पर कॉल किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। उपेंद्र ने रात में 38 बार उस नंबर पर कॉल किया। रात भर वह भाई के बारे में सोचते रहे। पड़ोसी राधेश्याम के यहां पर भैंसों का बाड़ा है। तड़के एक दूध विक्रेता वहां आया तो बल्देव का शव पड़ा देखा। तब आसपास के लोगों को जानकारी हुई। परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक बल्देव के शरीर पर चोट के निशान थे। साथ ही गले पर भी निशान थे। उनको संदेह था कि किसी ने पहले मारपीट की है। बाद में गला दबाकर हत्या कर दी।

अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

लोगों ने बताया कि जहां उसकी हत्या हुई है। वह स्थान घर से 50 मीटर की दूरी पर है। साथ ही जहां शव पड़ा था वहां पर आठ फुट का खरंजा है। खरंजे के दूसरे तरफ 70 वर्षीय किसान राधेश्याम सो रहे थे। उन्होने भी कोई आवाज नहीं सुनी। परिजनों के मुताबिक बल्देव का किसी से कोई विवाद भी नहीं था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।