प्रॉपर्टी खरीद मूल्य पर सम्पत्ति नामांतरण शुल्क 1 परसेंट करने की तैयारी

BAREILLY : बरेली नगर निगम परिक्षेत्र में प्रॉपर्टी खरीदना महंगा होने जा रहा है। प्रॉपर्टी के खरीद मूल्य पर 7 परसेंट स्टाम्प शुल्क के अलावा नगर निगम को अब 1 परसेंट सम्पत्ति नामांतरण शुल्क भी देना होगा। यानि, एक करोड़ का कोई मकान खरीदते हैं, तो नगर निगम को 1 लाख रुपए नामांतरण शुल्क देना पड़ेगा। नगर निगम ने नामांतरण शुल्क में बदलाव का प्रस्ताव तैयार कर लिया है, जिसे 25 जून को नगर निगम की बोर्ड बैठक में रखा जाना है। बोर्ड समिति की सहमति बनने पर नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।

 

वारिसान और नए मकान खरीदने पर देने होंगे शुल्क

नगर निगम ने वारिसान नामांतरण शुल्क के साथ ही नया मकान खरीदने के नामांतरण शुल्क दोनों में बढ़ोतरी की है। नामांतरण और स्टेशनरी शुल्क को 5 रुपए से बढ़ा दिया गया है। वारिसान नामांतरण शुल्क अब 5 रुपए की जगह 5 हजार रुपए देना पड़ेगा। जबकि, 5 लाख से 1 करोड़ 1 रुपए या इससे अधिक का नया मकान की खरीदने पर सर्किल रेट के आधार पर विक्रय मूल्य का 1 परसेंट नामांतरण शुल्क नगर निगम लेगा।

 

एक लाख नामांतरण शुल्क

जैसे आप कोई एक करोड़ रुपए का मकान खरीदते हैं, तो 7 परसेंट के हिसाब से 7 लाख रुपए स्टॉम्प शुल्क देना पड़ता है। लेकिन अब नगर निगम एक करोड़ के मकान पर एक परसेंट की दर से एक लाख रुपए नामांतरण शुल्क वसूल करेगा। जबकि, अभी 5 रुपए शुल्क लिये जाने का प्रावधान है।

 

जमीन पर शुल्क नहीं

हालांकि, प्लॉट खरीदने पर नामांतरण शुल्क से बचा जा सकता है। क्योंकि, नगर निगम में हाउस का रजिस्ट्रेशन होता है, जिसके आधार पर नगर निगम हाउस टैक्स वसूलता है। इस लिए मकान के विक्रय पर नामांतरण शुल्क देना होगा।

 

नामांतरण शुल्क का सपा करेगी विरोध

नामांतरण चार्ज बढ़ाने का सपा कार्यकारिणी की मीटिंग में जमकर विरोध करेगी। संडे को महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद ने सपा के पार्षदों के साथ मीटिंग कर रणनीति तैयार की। कदीर अहमद ने बताया कि नामांतरण चार्ज से पब्लिक पर लाखों रुपए का बोझ पड़ेगा। इसके अलावा मीडिया की एंट्री पर रोक, शहर में जगह-जगह फैले कूड़े और सीनियर सिटिजन को 20 परसेंट की छूट खत्म कर देने का विरोध किया जाएगा।

 

आवासीय और अनावासीय भवनों के नामांतरण शुल्क की वृद्धि करने की तैयारी

1 - वरासतन, उत्तराधिकार विधि सम्मत तरीके से किए गये तथा हिब्बा पर आधारित भवनों का नामांतरण शुल्क।

- 5 रुपए नामांतरण शुल्क व स्टेशनरी शुल्क वर्तमान में लिया जा रहा है।

- 5000 रुपए कार्यकारिणी समिति के समक्ष प्रस्तावित नामांत्रण शुल्क।

 

2 - भवनों के पंजीकृत विलेख, बैनामों, पंजीकृत दान पत्र पर।

- 5 रुपए नामांतरण शुल्क व स्टेशनरी शुल्क वर्तमान में लिया जा रहा है।

- 5 लाख से 1 करोड़ एक रुपए तक एवं अधिक के विक्रय विलेख पर सर्किट रेट के आधार पर विक्रय मूल्य का 1 परसेंट नामांतरण शुल्क देना होगा।

 

पार्षदों द्वारा पूछे जाने वाले सवाल

- विकास शर्मा ने धर्मदत्त वैद्य सिटी हॉस्पिटल पर नगर निगम अपना कब्जा क्यों नहीं ले रहा है। स्थल की विधिक स्थिति क्या है। कोर्ट के आदेश का पालन क्यों नहीं हो रहा है।

- सतीश चंद्र कातिब ने कई सवाल किए हैं। जैसे- प्रकाश विभाग में सरवर नामक व्यक्ति किस पद पर और कब से कार्यरत हैं, मूल पद क्या है। कुतुबखाना सब्जी मंडी के सी ब्लॉक ईएफ का आवंटन की नीलामी कब और किस-किस को कितनी-कितनी धनराशि में उपलब्ध कराया गया है। प्रत्येक दुकानों का आवंटन, प्रीमियम नाम पिता का नाम दुकान नम्बर के अलावा जीआरएम स्कूल के संबंधित प्रस्ताव जो लीज निरस्तीकरण पूर्व में की जा चुकी है। मैंने यह प्रश्न वर्तमान बोर्ड गठन के उपरांत लगाया था। जिसे पिछले बोर्ड बैठक में शामिल नहीं किया गया। लिखित रूप से जवाब देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक जवाब नहीं मिला। अत: इस बोर्ड बैठक में इस बात का जवाब दें।

- दीपक सक्सेना ने ईईएसएल कम्पनी द्वारा किस-किस वार्ड में सोडियम लाईट नहीं बदली गई, उनका वार्ड वाइज ब्यौरा और वार्ड 35 में कितने-कितने वार्ड के एलईडी लगायी गयी है।

 

यह है प्रस्ताव

- गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि।

- शासनादेश से प्राप्त पत्र का अवलोकन।

- नगर निगम बोर्ड की सामान्य बैठक प्रस्ताव संख्या 4 में आंशिक संशोधन पर विचार एवं निर्णय।

- नगर निगम बरेली की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए ऑन स्पॉट अर्थदण्ड लगाने पर निर्णय।

- नामांतरण शुल्क में वृद्धि पर विचार एवं निर्णय।

- बाकरगंज ट्रेंचिंग गाउंड सड़क के लिए किसानों की भूमि अधिग्रहण करने पर विचार।

- सेटेलाइट चौराहे पर फुट ओवरब्रिज निर्माण।

- पार्षदों को एक-एक स्मार्टफोन सीयूजी सिम सहित दिए जाना।