- पालिका बाजार बंद कर घंटों की नारेबाजी

- देहली गेट थाने में भी जमकर किया हंगामा

Meerut: फेसबुक पर विशेष समुदाय के धार्मिक स्थल पर कमेंट करने को लेकर एक धर्म के लोगों ने बवाल खड़ा कर दिया। पहले घंटाघर पालिका बाजार में आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की, फिर थाने में जमकर हंगामा किया। देहली गेट इंसपेक्टर का घेराव करते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्या है मामला

थाना मुंडाली के गांव सिसौली निवासी मोहम्मद की घंटाघर पालिका बाजार में कपड़े की दुकान है। शुक्रवार दोपहर उसके फेसबुक पर धार्मिक स्थल पर अभद्र टिप्पणी व फोटो डाल दिया। इसके बाद विशेष समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने बाजार में नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। शाम के समय सैंकड़ों व्यापारी बाजार बंद कर देहली गेट थाने पहुंच गए। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर पहुंचे इंसपेक्टर देहली गेट दीपक त्यागी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।

जांच शुरू

जिस आईडी से धार्मिक स्थल पर कमेंट किया गया है क्या ये असली आईडी है या फर्जी। इस पर पुलिस ने जांच करनी शुरू कर दिया है। व्यापारी आरिफ ने बताया कि जिस फेसबुक आइडी से कमेंट किया गया है। वह दिनेश कुमार के नाम से है। उसमें स्थानीय पता नेपाल काठमांडू है और दिल्ली पब्लिक स्कूल का छात्र बताया गया है। वहीं अस्थाई पता मेरठ लिखा है। प्रथम जांच में फेसबुक फर्जी लग रही है। हंगामा करने वालों में मोहम्मद इमरान, इरफान, सलमान, अलबाद, शाहनवाज व अमजद आदि थे।

मामला संज्ञान में आया है। दिनेश के नाम से फेसबुक एकाउंट है, जिससे धार्मिक स्थल के बारे में टिप्पणी की गई है। ये काफी गलत है। मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी है।

दीपक त्यागी

इंसपेक्टर देहली गेट