-पुलिस ने कर्मचारियों को मंडे सुबह ताला खोलने का दिया अल्टीमेटम

BAREILLY :

बरेली कॉलेज में चल रही अस्थायी कर्मचारियों की हड़ताल संडे को भी जारी रही। शाम को कॉलेज प्राचार्य डॉ। अजय शर्मा बारादरी थाने पहुंचे और उन्होंने कर्मचारियों को थाने बुलाया, लेकिन कर्मचारियों ने थाने जाने से मना कर दिया। जिसके बाद बारादरी पुलिस कॉलेज पहुंची और कर्मचारियों को मंडे सुबह ताला खोलने का अल्टीमेटम दिया है। पुलिस का कहना है कि यदि कर्मचारियों ने ताला नहीं खोला तो पुलिस ताला तोड़ देगी।

कर्मचारी बहाली और सैलरी पर अड़े

बरेली कॉलेज के 168 अस्थायी कर्मचारी सेवा बहाली और जून, जुलाई के वेतन की मांग करते हुए 4 जुलाई से हड़ताल पर हैं। सुनवाई नहीं हुई तो कर्मचारियों ने 15 जुलाई से कॉलेज में ताला बंदी कर दी। जिससे कॉलेज में एडमिशन प्रक्रिया ठप हो गई। कर्मचारियों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन उन्हें मांगे माने जाने का लिखित आश्वासन दे तभी वह ताले खोलेंगे।

कॉलेज में तालाबंदी किसी समस्या का हल नहीं है। प्रशासन से कॉलेज का ताला खुलवाने की अपील की है, प्रशासन ने भी ताला खुलवाने का भरोसा दिया है।

डॉ। अजय शर्मा, प्राचार्य बीसीबी

जब तक हमारी जून जुलाई की सैलरी और बहाली नहीं की जाएगी तब तक कॉलेज का ताला नहीं खोलेंगे। चाहे पुलिस और प्रशासन कितना भी दबाव बनाए। हम दबाव में आने वाले नहीं है।

जितेन्द्र मिश्रा, अध्यक्ष कर्मचारी संघ