पुराने शहर में दस दिन से बदबूदार गंदे पानी की आपूर्ति, भड़के लोग

ALLAHABAD: नगर निगम और जलकल के अधिकारियों पर शहर के लोगों को स्वच्छ पानी पिलाने की जिम्मेदारी है। लेकिन लापरवाही के कारण बदबूदार, गंदा और पीले पानी की सप्लाई की जा रही है। आखिर ऐसा क्यों है? क्या इस पानी को जलकल के अधिकारी पी सकते हैं? इस पानी से नहा सकते हैं? खाना पका सकते हैं? अगर इस्तेमाल कर सकते हैं तो फिर करके दिखाएं, नहीं तो फिर जल्द से जल्द दूषित पेयजल आपूर्ति को ठीक कर स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति कराएं। पिछले करीब दस दिन से दूषित व बदबूदार पेयजल आपूर्ति से परेशान रसूलपुर, मीरापुर, करैली, रोशनबाग एरिया के लोगों द्वारा कुछ इसी तरह के सवाल अधिकारियों से किए जा रहे हैं। जिसका जवाब लोगों को नहीं मिल पा रहा है। मजबूरी में काफी दूर से हैंडपम्प का पानी लाकर काम चलाना पड़ रहा है।

रमजान में भी लापरवाही

रमजान शुरू हो गया है, फिर भी जल कल के अधिकारियों ने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया है। पुराने शहर के रसूलपुर, मीरापुरा, करैली आदि इलाकों में इन दिनों दूषित, बदबूदार गंदे पानी की आपूर्ति की जा रही है, जो न पीने योग्य है और न ही किसी और काम के। जिसकी वजह से लोगों में आक्रोश है। बार-बार शिकायत के बाद भी जलकल व नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी सोए हुए हैं।