फोटो:5

आप कार्यकर्ताओं ने अपर उप जिलाधिकारी के दफ्तर पर किया प्रदर्शन

श्यामनगर, नई बस्ती समेत कई स्थानों पर साफ सफाई को लेकर की शिकायत

ROORKEE: श्यामनगर, नई बस्ती समेत कई स्थानों पर गदंगी को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अपर उप जिलाधिकारी के दफ्तर पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पानी की निकासी के कोई इंतजाम नहीं हैं, जिससे यहां पर गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ हैं।

पहले भी कर चुके हैं शिकायत

सोमवार को आम आदमी पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शारिक अफरोज, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनीता चौधरी, महेन्द्र पाल, नरेन्द्र चौधरी, सुरेन्द्र, प्रेमवती, नीलम, मेहरचंद, मुमताज अब्बास नकवी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुये अपर उप जिलाधिकारी के दफ्तर पहुंच गये। इन लोगों ने यहां पर प्रदर्शन करते हुये आरोप लगाया कि श्यामनगर, नई बस्ती समेत कई स्थानों पर गदंगी व्याप्त है। पानी की निकासी के कोई इंतजाम नहीं किये गये हैं, जिसकी वजह से लोगों में जबरदस्त आक्रोश हैं। इस बारे में कई बार नगर निगम प्रशासन और अन्य अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन अभी तक इस समस्या का हल नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी इन कालोनियों में डेंगू आदि का प्रकोप रहा है। उन्होंने मांग उठाई कि जल्द से जल्द साफ सफाई की जाए। इस पर अपर उप जिलाधिकारी को गोपाल सिंह चौहान ने आश्वासन दिया कि उनकी इस समस्या का जल्द निस्तारण किया जाएगा।