- केंद्र की पॉलिसी के खिलाफ कांग्रेस ने निकाली बाइक रैली

- केंद्र के खिलाफ जमकर नारेबाजी, नीतियों को बताया जनविरोधी

- जन चेतना रैली से जनता रही परेशान, जगह-जगह जाम

DEHRADUN: केन्द्र सरकार नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने मंडे को दून की सड़कों पर आक्रोश जताया। बाकायदा बाइक रैली निकाली और केंद्र के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने ट्रैफिक रूल्स की जमकर खिल्ली उड़ाई। रैली के कारण कई सड़कों पर ट्रैफिक जाम रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

हर सड़क पर कांग्रेसी झंडे

कांग्रेस ने रैली के लिए प्रिंस चौक, सहारनपुर चौक, निरंजनपुर मंडी होकर जीएमएस रोड चौधरी फार्म तक बाइक रैली का रूट तय किया था, मुख्य रैली इसी रूट से निकली। लेकिन, अन्य सड़कों पर भी दो पहिया वाहनों का हुजूम और कांग्रेसी झंडे नजर आए।

कई जगह डायवर्ट रहे रूट्स

रैली के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस ने यूके लिप्टस चौक, ओरियंट चौक, बुद्धा चौक, सर्वे चौक, दर्शनलाल चौक, तहसील चौक, सीएमआई चौक आदि जगहों में ट्रैफिक डायवर्ट किया। कई जगहों पर बैरियर की भी व्यवस्था की गई। इसके बावजूद रैली के दौरान सड़कों पर काफी अव्यवस्था नजर आई।

टुकड़ों में निकली रैली, दिक्कत

बाइक रैली के मुख्य रूट पर रैली एक साथ न निकल कर टुकड़ों में निकली, इससे एक ओर आम लोगों को परेशानी हुई तो दूसरी ओर पुलिस को भी ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने में मशक्कत करनी पड़ी। रैली के रूट के अलावा राजपुर रोड, सुभाष रोड, गांधी पार्क, रायपुर रोड आदि जगहों पर पर छोटी-छोटी टुकडि़यों में दो पहिया सवार रैली के रूप में निकलते रहे। कांग्रेस भवन के पास रैली का रूट नहीं था, लेकिन यहां पूरे दिन यातायात बाधित होता रहा।

ट्रैफिक रूल्स की उड़ीं धज्जियां

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली के दौरान ट्रैफिक रूल्स की भी जमकर धज्जियां उड़ाईं। रैली में अधिकांश लोग बिना हेलमेट बाइक्स पर फर्राटा भरते दिखे। वहीं ट्रिपल राइडिंग करते भी कई लोग देखे गए। न तो पुलिस ने इन्हें रोका, न ही पार्टी के सीनियर लीडर्स ने अपने कार्यकर्ता और समर्थकों को मनमानी पर टोका।

---------------------

केन्द्र की पॉलिसी को बताया खतरनाक

रैली का नेतृत्व कर रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने केन्द्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के कारण अर्थव्यवस्था पहले ही बर्बाद हो चुकी थी अब जीएसटी ने व्यापारियाें की कमर तोड़ दी है। उन्होंने एफडीआई 100 परसेंट किये जाने का भी विरोध किया। प्रीतम सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है। कांग्रेस इसका हर स्तर पर विरोध करेगी। प्रीतम सिंह के साथ पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, सूर्यकान्त धस्माना, लालचंद आदि भी मौजूद थे। पूर्व सीएम हरीश रावत कांग्रेस की रैली में शामिल नहीं हुए।

जिले भर से आये कांग्रेस

रैली में हिस्सा लेने के लिए पूरे जिले से कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे थे। पार्टी का दावा है कि करीब साढ़े तीन हजार कार्यकर्ताओं ने रैली में हिस्सा लिया। ये कार्यकर्ता शहर के अलावा विकासगनर, सेलाकुई, चकराता, मसूरी, रायपुर, ऋषिकेश आदि क्षेत्रों से आये थे।