चौथे दिन भी जारी रहा प्रतियोगी मोर्चा के मेंबर्स का आमरण अनशन

आमरण अनशन पर बैठे प्रतियोगियों से मिलने पहुंचे शिक्षक विधायक

ALLAHABAD: माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड में अध्यक्ष व मेंबर्स की नियुक्ति की मांग को लेकर प्रतियोगी मोर्चा के मेंबर्स का आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी रहा। चयन बोर्ड कार्यालय पर टीजीटी पीजीटी प्रतियोगी मोर्चा के मेंबर्स ने शनिवार को जमकर प्रदर्शन किया और आमरण अनशन पर बैठे पीएन वर्मा व अभिषेक सिंह का उत्साह बढ़ाया। अनशन पर बैठे प्रतियोगियों से मिलने पहुंचे इलाहाबाद-झांसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षक विधायक सुरेश कुमार त्रिपाठी ने मांगों का समर्थन किया। कहा कि, चयन बोर्ड में अध्यक्ष व मेंबर्स की नियुक्ति नहीं होने से परीक्षा परिणाम तथा अन्य भर्तियां तो प्रभावित है ही, प्रदेश के लाखों परीक्षार्थी सड़क पर हैं। माध्यमिक विद्यालयों में अध्यापकों की लगातार कमी बनी हुई है।

सड़क पर उतना शुभ संकेत नहीं

आमरण अनशन पर बैठे प्रतियोगियों को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेश दत्त शर्मा व डॉ। शैलेश कुमार पाण्डेय ने भी सम्बोधित किया। डॉ। पाण्डेय ने कहा कि चयन बोर्ड के लिए योग्य अध्यक्ष व मेंबर्स का चुनाव करना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इस प्रकार शिक्षकों व छात्रों का सड़क पर उतरकर विरोध करना सरकार के लिए शुभ संकेत नहीं है। प्रतियोगियों के बीच ही शिक्षक विधायक ने प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा से बात की। जिस पर उन्होंने मंगलवार या बुधवार तक अध्यक्ष व सदस्यों की नियुक्ति किए जाने का आश्वासन दिया.गोरखपुर-फैजाबाद के शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने भी मोबाइल के जरिए प्रतियोगियों को संबोधित किया। शहर उत्तरी के विधायक अनुग्रह नारायण सिंह ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर प्रतियोगियों का समर्थन किया। इस अवसर पर शिक्षक संघ प्रदेश कार्यकारिणी के मेंबर्स कुंज बिहारी मिश्र, अजय कुमार सिंह के साथ ही मोर्चा के रिंकू सिंह समेत अन्य प्रतियोगी छात्र मौजूद रहे।