- नगर निगम द्वारा पांच सफाई कर्मचारियों को सस्पेंड किए जाने से कर्मचारियों में रोष

- डोर टू डोर कूड़ा न उठने से लोगों को हुई परेशानी

DEHRADUN: डोर टू डोर कूड़ा उठा रहे आउटसोर्स कर्मचारी एक बार फिर हड़ताल पर चले गये हैं। वजह है कि बुधवार को निगम ने पांच सफाई कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। जिससे अन्य कर्मचारियों में रोष है। ऐसे में अब डोर टू डोर कूड़ा न उठने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गंदगी का लगा अंबार

डोर टू डोर कूड़ा न उठने से एक बार फिर शहर की सफाई व्यवस्था पटरी से उतरने लगी है। कूड़ा न उठने के कारण शहर के पटेलनगर, आढ़त बाजार, प्रिंसचौक, डालनवाला, सहस्त्रधारा रोड पर कूड़े का अंबार लगा रहा। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सभी वाहन निगम के वर्कशॉप में खड़े रहे। हालांकि निगम अधिकारियों का कहना है कि हड़ताल समाप्त हो चुकी है।

इन मांगों को लेकर कर रहे हड़ताल

हड़ताली सफाई कर्मचारियों की मांग है कि जिस कंपनी को एक दिसंबर से डोर टू डोर कूड़ा उठाने का जिम्मा सौंपा जा रहा है। उस कंपनी में सभी सफाई कर्मचारियों को नियुक्ति दी जाये। लेकिन निगम इस तरह के कदम उठाने को तैयार नहीं है, निगम का कहना है कि कंपनी अपने स्तर से ही सफाई कर्मचारियों को नियुक्ति करेगी।

तीन सौ कर्मचारी कर रहे सफाई

वर्तमान में डोर टू डोर कूड़ा उठा रही कंपनी द्वारा तीन सौ आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति की गयी है। लेकिन नगर निगम के टेंडर खुलने के बाद सफाई की जिम्मेदारी रैमकी कंपनी के हाथ में आ गई। अब ऐसे में डोर टू डोर सफाई कर रहे कर्मचारियों पर नौकरी का संकट मंडराने लगा है।

लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है। कुछ कर्मचारी हड़ताल पर है, जबकि अन्य कर्मचारी सफाई कर रहे हैं।

कैलाश गुंज्याल, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी