गावड़ी के तर्ज पर शुरु किया ग्रामीणों ने विरोध

विरोध के चलते डंपिंग ग्राउंड में नही डल सका कूड़ा

Meerut । शहर का कूड़ा नगर निगम के लिए भारी परेशानी का सबब बनता जा रहा है। जिधर निगम की गाडि़यां कूड़ा डालना शुरु करती है वहां कुछ ही दिनों में विरोध हो जाता है। लोहियानगर में भी कुछ दिन की राहत के बाद अब निगम का विरोध शुरु हो गया। कूड़ा लेकर आ रही गाडि़यों को वापस लौटाया जा रहा है और ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि लोहियानगर में अब कूड़ा नही डलने दिया जाएगा।

नही डल सका कूड़ा

लोहियानगर हापुड़ रोड़ पर डाले जा रहे कूड़े के विरोध में बुधवार को कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष रोहित गुर्जर के नेतृत्व में काजीपुर, घोसीपुर व लोहिया नगर के लोगों ने एकत्र होकर लोहियानगर में कूड़ा डालने आई गाडि़यों को वापस लौटा दिया। डंपिंग ग्राउंड में कूड़ा डालने पहुंची गाडि़यों को बिना कूड़ा डाले ही वापस लौटा दिया। इस दौरान निगम कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच कहासुनी भी हुई लेकिन भारी विरोध के चलते कूड़ा गाडि़यों के चालक गाडि़यां वापस लेकर चले गए।

कूड़ा गाडि़यों की कतारें

कूडे़ के विरोध में दोपहर बाद तक ग्रामीण डंपिग ग्राउंड में डटे रहे और निगम की कूड़ा भरी गाडि़यों की हापुड़ रोड पर डंपिंग ग्राउंड से सब्जी मंडी तक लंबी लंबी कतारें लग गई। दोपहर बाद तक निगम के कर्मचारी कूड़ा डालने का इंतजार करते रहे लेकिन कूड़ा नही डलने दिया गया। वहीं ग्रामीणों ने इस संबंध मे निगम के आला अधिकारियों को मौके पर बुलाने का प्रयास किया लेकिन आला अधिकारी देर शाम तक लोहियानगर नही पहुंच सके।

लोहियानगर जाकर ग्रामीणों से बात की जाएगी यदि फिर भी निगम के काम में बाधा डाली गई तो कानूनी तौर पर काम होगा।

- अली हसन कर्नी, अपर नगरायुक्त

हमने डंपिंग ग्राउंड की लगातार निगरानी शुरु कर दी है। अगर नगरनिगम ने कूड़ा डालना नही रोका तो हम प्रदर्शन और सड़क जाम तक करेंगे।

- रोहित गुर्जर

यहां डंपिंग ग्राउंड के कारण आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों में बीमारियां फैलने का खतरा बन गया है। सुबह से लेकर शाम तक क्षेत्र में कूडे़ की बदबू रहती है।

- भारत भड़ाना

जब निस्तारण की कोई योजना ही नही है तो कूड़ा एकत्र क्यों किया जा रहा है। मेरठ में दो जगह पर पहले से ही कूडे़ का पहाड़ बना हुआ है अब हापुड़ रोड पर ही यही काम किया जा रहा है।

- श्रीपाल