-पुलिस जीप का ड्राइवर घायल, शीशा फोड़ा, बाइक किया क्षतिग्रस्त

-बेलघाट के पिपरसंडी की घटना, मार्च में चुनावी रंजिश में चली थी गोली

GORAKHPUR: बेलघाट एरिया के पिपरसंडी में फरार बदमाश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला हो गया। मामला शुक्रवार रात का है। पुलिस टीम फरार चल रहे बदमाशों को पकड़ने गई थी। दरवाजे के बाहर सो रहे एक युवक से पूछताछ कर रही थी। इसी बीच घर की कुछ महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर गांव के लोग जुट गए और उन्होंने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। खुद को बचाने के चक्कर में एसओ व सिपाही मौके से भाग खड़े हो गए, जबकि जीप ड्राइवर हमले में घायल हो गए। उन्हें पास के प्राथमिक स्वास्थ्य पर भर्ती कराया गया। सिर में चोट लगने की वजह से उनकी हालत नाजुक है। आक्रोशित लोगों के पथराव के दौरान पुलिस जीप का शीशा व दो बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

चुनावी रंजिश में चली थी गोली

पिपरसंडी गांव में 22 मार्च को चुनावी रंजिश में विवाद हुआ था। इस दौरान विक्रांत सिंह को गोली मार दी गई थी। रोडवेज में तैनात पिता रामेश्वर सिंह की तहरीर पर गांव के अनूप सिंह, विक्रम सिंह और विजेंद्र सिंह पर हत्या के प्रयास में मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले में मुल्जिम अनूप सिंह ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था लेकिन विक्रम व विजेंद्र फरार चल रहे हैं। शुक्रवार की रात करीब 12 बजे बेलघाट के एसओ दल बल के साथ पिपरसंडी गांव पहुंच गए। इस दौरान दरवाजे पर सोए हुए एक युवक को उठाकर पुलिस पूछताछ कर रही थी। तभी युवक शोर मचाने लगा। तभी घर की महिलाए व अन्य सदस्य बाहर निकल गए। साथ ही गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे। बिना कुछ सोचे-समझे उन्होंने पुलिस पर हमला बोल दिया।

भाग निकले पुलिस वाले

ग्रामीणों को गुस्सा पुलिस वालों पर इस कदर भड़का कि उन लोगों ने पथराव कराना शुरू कर दिया। हालांकि बेलघाट एसओ और पुलिस वालों ने उन्हें समझाने की काफी कोशिशें कीं, लेकिन उनका गुस्सा थमा नहीं। पुलिस वाले अपनी जान बचाने के लिए मौके से भाग खड़े हुए। लेकिन संतकबीरनगर जिले के महुई थाना सिकरी निवासी ड्राइवर बंगाली यादव इसमें घिर गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी पर पहुंचे एसपीआरए

घटना की जानकारी मिलते ही एसपीआरए ब्रजेश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान आस-पास के थाने की फोर्स भी पहुंच गई। पुलिस की कार्रवाई में रामानंद सिंह व मोनू सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं पुलिस ने 10 नामजद व 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी है।

वर्जन

आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की धरपकड़ के लिए टीम लगा दी गई है। जल्द ही वे पुलिस के गिरफ्त में होंगे।

ब्रजेश सिंह, एसपीआरए