RANCHI: अब हर एक हजार की आबादी पर पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम(पीडीएस) दुकान होगी। रांची जिले में 220 नई राशन दुकानें खुलेंगी। इस संबंध में जिला प्रशासन ने आदेश जारी किया है। डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन ने रांची नगर निगम क्षेत्र के दो वार्डो और जिले के सभी प्रखंडों में नई राशन दुकानें खोलने का निर्णय लिया है, ताकि लाभुकों को राशन के लिए ज्यादा दूर तक भटकना न पड़े। गौरतलब हो कि राशन उठाने के लिए लाभुकों को कई किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। यदि सबकुछ ठीक रहा तो लाभुकों के ये परेशानी जल्द दूर हो जाएगी।

कई किमी भटकते हैं लाभुक

अभी राशन कार्ड धारियों को राशन लेने के लिए कई किमी तक चलकर जाना पड़ता है। कई जगह तो पांच किमी से अधिक तक लोग जाकर राशन लेते हैं। लोगों की परेशानी को दूर करते हुए जिला प्रशासन ने कम आबादी पर ही दुकान खोलने का निर्णय लिया है।

महिलाओं को मिलेगी प्राथमिकता

इन राशन दुकानों का संचालन करने के लिए महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके संचालन के लिए महिला स्वयं सहायता समूह, महिला सहयोग समितियां, पैक्स, लैम्पस, भूतपूर्व सैनिकों की सहयोगी समितियां, दिव्यांगों के समूह को दिया जाएगा। इसमें ग्रेड टू महिला स्वयं सहायता समूह को प्राथमिकता दी जाएगी, उनके नहीं रहने पर ग्रेड वन महिला स्वयं सहायता समूह को संचालन की जिम्मेवारी दी जाएगी।

एक डीलर के पास 250 कार्ड होल्डर

डीलरों की मनमानी रोकने के लिए भी जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। अभी तक एक राशन डीलर के पास 500 से एक हजार तक लाभूक होते हें, जिसका लाभ राशन डीलर उठाते हैं। अधिक राशन उठाने के कारण हेराफेरी भी अधिक करने की आशंका है। अब जो नए राशन डीलर होंगे, उनको 250 कार्ड ही दिए जाएंगे। कम कार्ड होने के कारण राशन का उठाव भी कम होगा और कालाबजारी की आशंका भी कम होगी, इसलिए सरकार ने यह नियम तय किया है।

हर दो किमी पर होगी राशन दुकान

अभी जितने राशन दुकान हैं वहां राशन लेने के लिए लोग दूर दूर तक से आते हैं। लेकिन जो राशन दुकान होंगे वो दो किमी के अंदर ही होंगे। ताकि जो लाभुक हैं उनको बहुत दूर नहीं जाना पडे। अभी शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक में लोगों को राशन लेने के लिए कई किमी तक चलकर जाना होता है। उनकी परेशानी को देखते हुए सरकार ने अब नया नियम बनाया है।

वर्जन

रांची जिले में लोगों को राशन लेने में परेशानी ना हो, इसके लिए राशन दुकानों की संख्या बढ़ाई जा रही है। जिले में 220 नई राशन दुकानें खोली जाएंगी।

-नरेंद्र कुमार गुप्ता, जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी, रांची