शनिवार को शहर आएंगे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद

ALLAHABAD: कैबिनेट मंत्री बनने के बाद प्रथम नगर आगमन पर नंद गोपाल गुप्ता नंदी का शहर में भव्य स्वागत किया गया। शुक्रवार दोपहर पुलिस लाइन हेलीपैड पर उनके स्वागत के लिए भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता दो व चार पहिया वाहन से पहुंचे। इसके बाद जुलूस के रूप में बढ़े काफिले का स्वागत नेतराम चौराहा पर किया गया। इस दौरान नंदी ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा का माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में बारह मार्च के बाद से कानून का राज्य स्थापित हो गया।

न सहेंगे न करेंगे अत्याचार

अपने भाषण में नंदी ने कहा कि गुंडे, माफिया, भ्रष्टाचारियों ने सीएम योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण करने के बाद अपनी आदत में सुधार लाना प्रारंभ कर दिया है। कहा कि न किसी पर अन्याय और अत्याचार करेंगे और न ही सहेंगे। ढोल-बाजे और आतिशबाजी के साथ जुलूस मेडिकल कॉलेज चौराहा, घंटाघर, नीम का पेड़ से सुलाकी चौराहे पर पहुंचा। एडीसी कॉलेज की ओर से उन्होंने श्रीबड़े हनुमान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यही पर उनकी यात्रा भी समाप्त हो गई। मेयर अभिलाषा गुप्ता सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। नंदी का स्वागत महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता के नेतृत्व में आशीष गुप्ता, संजय गुप्ता, कुंज बिहारी मिश्रा, रवि केसरवानी, पवन श्रीवास्तव, श्याम चंद्र, राकेश कुशवाहा, विशाल अग्रवाल आदि ने किया। इसी क्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष डॉ। रियाज अहमद और पूर्व महामंत्री शेख इरशाद ने भी मंत्री का स्वागत किया।

महापुरुषों की प्रतिमा की सफाई आज

अध्यक्ष अवधेश गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता मिशन के तहत एक अप्रैल को शहर के तमाम चौराहों पर लगी महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई की जाएगी। उन्होंने समस्त कार्यकर्ताओं से सुबह सात बजे दीन दयाल की प्रतिमा पर एकत्रित होने के पश्चात, टैगोर टाउन, मेडिकल चौराहा, सिविल लाइंस चौराहा, हाईकोर्ट चौराहा पर पहुंचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि शनिवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य वायुयान द्वारा बारह बजे पुलिस लाइन आएंगे और इसके बाद सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।