रियलिटी चेक
BAREILLY:
नगर निगम के बनाए गए शौचालय में हल्का होना राहगीरों की जेब पर भारी पड़ रहा है। शहर में चल रहे डीलक्स टॉयलेट्स में ठेकेदारों की जमकर लूटखसोट जारी है। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ने शिकायत मिलने पर मंडे को टॉयलेट्स में ठगी की हकीकत खंगाली तो हैरान करने वाली बातें सामने आयी। पुरुषों से यूरिनेशन के लिए दो रुपया तो महिलाओं से पांच रुपए की वसूली की जा रही थी। पढि़ए क्या है मामला
शहर में हैं चार सार्वजनिक शौचालय
शहर के सर्वाधिक व्यस्त एरिया नॉवेल्टी से लेकर कुतुबखाना, कोहाड़ापीर तक नगर निगम के करीब 4 सार्वजनिक शौचालय हैं। इन सभी में जबरन यूरिनेशन की वसूली का दौर जारी है, जो स्वच्छ भारत अभियान के तहत जारी गाइडलाइंस की धज्जियां उड़ा रहे हैं। नगर निगम के जिम्मेदारों को इसकी भनक है, लेकिन सब जानकार भी उनके कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। ठेले खोमचे वालों के मुताबिक राहगीरों और छोटे दुकानदारों से वसूली होती है, लेकिन बड़े दुकानदारों से कोई चार्ज नहीं लिया जाता है। वसूली से लोगों की जेब तो कट ही रही है, चार्ज न देने पर झड़प भी हो रही है।
महिलाओं को दोगुना चार्ज
नगर निगम की ओर से संचालित इन शौचालयों में महिलाओं और पुरुषों के यूरिनेशन का अलग-अलग चार्ज वसूला जाता है। प्रत्येक पुरुष से जहां दो रुपए तो वहीं, महिलाओं से 5 रुपए चार्ज लिया जा रहा है। जिसकी वजह से महिलाएं अब शौचालयों का कम ही प्रयोग कर रही हैं। शहर के नॉवेल्टी चौराहा और श्यामगंज स्थित जेके होटल के पास बने शौचालय समेत अन्य सभी शौचालयों में वसूली करते वहां मौजूद कर्मचारी मिले। ऐसे में अगर दो रुपए फुटकर नहीं हैं तो बड़े नोट जमा कर रहे हैं। जिसे दो या 5 रुपए देने के बाद ही वापस कर रहे हैं। जिससे सभी परेशान हैं।
एक नजर में.
- 46 सार्वजनिक शौचालय हैं शहर भर में संचालित
- 2 रुपए है चार्ज पुरुष यूरिरेशन के लिए
- 5 रुपए है चार्ज महिला यूरिनेशन के लिए वसूली
- नगर निगम टेंडर से करा रहा संचालन
- यूरिनेशन चार्ज है फ्री
बाजारों में बने डीलक्स शौचालयों में यूरिनल का चार्ज भी वसूला जा रहा है। जो नियमानुसार गलत है। नगर निगम को सारी जानकारी है पर कार्रवाई नहीं कर रहा।
संजीव चांदना, महामंत्री, उप्र उद्योग व्यापार मंडल
बाजार में भीड़ के लिहाजा से शौचालयों की कमी है। जो हैं भी उन पर भी जबरन वसूली की जा रही है। प्रशासन को इस पर सख्त कदम उठाने चाहिए।
दर्शनलाल भाटिया, शॉपकीपर
कुछ दिन पहले नॉवेल्टी स्थित डीलक्स टॉयलेट यूज किया। कर्मचारी यूरिनेशन का 2 रुपया चार्ज मांगने लगा। बहस हुई लेकिन आखिर में चार्ज देना पड़ा।
राजू शमीम, समाजसेवी
टॉयलेट्स का संचालन टेंडर के जरिए होता है। नियमानुसार यूरिनेशन का चार्ज नहीं वसूला जा सकता है। अगर ऐसा हो रहा है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ईश शक्ति सिंह, अपर नगर आयुक्त