ALLAHABAD: आत्मघाती हमले से उबर कर नए जीवन की प्राप्ति पर प्रदेश के स्टाम्प एवं नागरिक उड्डयन मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की तरफ से 12 जुलाई को होने वाले आयोजन पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंत्री खुद तैयारियों पर नजर रख रहे हैं। गुरुवार को रुद्राभिषेक के साथ शुरू होने वाला आयोजन देर रात तक चलेगा।

रुद्राभिषेक से होगी शुरुआत

गुरुवार को कैबिनेट मंत्री बहादुरगंज स्थित अपने इलाहाबाद आवास के समीप मनोकामना मंदिर में सपरिवार रुद्राभिषेक में शामिल होंगे। तत्पश्चात निमंत्रित लोगों के साथ बड़े पैमाने पर प्रसाद ग्रहण के कार्यक्रम में भी वह मौजूद रहेंगे। नन्दी शिव के परम भक्त है, निवास के निकट मनोकामना सिद्ध प्राचीन शिव मंदिर में अटूट आस्था रही उनकी। उनका मानना है, उन्हीं महाकालेश्वर शिव ने उनके प्राण बचाये। प्रोग्राम में भारी भीड़ के जुटने की संभावना को लेकर मंत्री ने सभी शीर्ष अधिकारियों के साथ व्यवस्था, शांति, सुरक्षा के मुद्दे पर चर्चा की। फायर ब्रिगेड, मेटल डिटेक्टर, गेट्स तथा खोजी कुत्तों आदि के लिए भी विगत 8 साल पहले के हमले को दृष्टिगत कर अधिकारियों को मंत्री ने हिदायत दी। नन्दी ने अपने आवास पर इलाहाबाद जिले के सभी भाजपा पदाधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की।

एक लाख लोगों को निमंत्रण

इस वर्ष का नंदी का यह आयोजन पिछले वषरें के पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव से कुछ अलग है। एक लाख से अधिक कार्ड छपे हैं। सरकारी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी भी आमंत्रित है, तो सारा प्रशासन तंत्र इस आयोजन में आमंत्रित है। उद्योगपतियों से लेकर परचून की दुकान तथा ठेले और ज़मीन पर लगाकर सामान बेचने वालों को भी उसी सम्मान भाव से आमंत्रण कार्ड दिया गया है। बता दें कि साल 2010 में नन्दी पर उनके घर के बाहर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें वह गम्भीर रूप से घायल हो गए थे। बमुश्किल उनकी जान बची थी। तभी से वह प्रति वर्ष यह आयोजन करते हैं।