- पीडब्ल्यूडी बनवा रहा 15 मेन रोड, पर तमाम लिंक रोड बदहाल

- सम्पर्क मार्गो पर आने-जाने में हो रही परेशानी, बजट के अभाव में मेंटिनेंस अटका

VARANASI

पीडब्ल्यूडी शहर के तमाम प्रमुख सड़कें बनवा रहा है, लेकिन लिंक रोड्स पर विभाग की नजर नहीं है। शहर के सम्पर्क मार्ग बदहाल हैं, लेकिन बजट के अभाव में मेंटिनेंस नहीं हो पा रहा है। हालांकि पीडब्ल्यूडी ने शासन को प्रस्ताव भेजा है, ताकि धन मिलने पर सड़कें दुरुस्त की जा सकें, वहीं मानसून भी बेहद करीब है ऐसे में खराब सड़कें नहीं बनी तो काफी दिक्कतें होंगी।

रुटीन बजट नहीं

शहर में पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के लिंक मार्ग हैं। दोनों विभाग अपने मद से मेंटिनेंस कराते हैं। पीडब्ल्यूडी अफसरों के मुताबिक राज्य सड़क निधि से लम्बी और प्रमुख सड़कों के मेंटिनेंस के लिए हर साल बजट जारी होता है, लेकिन लिंक रोड के लिए रुटीन बजट नहीं मिलता। जिससे ये सड़कें दुरुस्त नहीं हो पातीं। पब्लिक की डिमांड या फिर अफसरों के निर्देश पर अनुरक्षण मद से इन सड़कों का मेंटिनेंस कराया जाता है। इस समय राज्य सड़क निधि से करीब 76 करोड़ की लागत से शहर की 15 मुख्य सड़कों का निर्माण चल रहा है। वहीं, नगर निगम ने गलियों और कई सम्पर्क मार्गो की सूरत बदलने की योजना तैयार कर ली है।

वाहनों की संख्या के हिसाब से निर्माण

वाहनों की संख्या के आधार पर सड़कों का निर्माण होता है। मुख्य मार्गो पर कॉमर्शियल वाहन और लिंक रोड पर प्राइवेट वाहन की गणना के आधार पर सड़कों की चौड़ाई और मोटाई का मानक निर्धारित किया जाता है, लेकिन लिंक रोड पर बड़े व ओवरलोड वाहनों के गुजरने से अतिरिक्त दबाव पड़ता है। जिससे ये सड़कें अपनी लाइफ से पहले ही दम तोड़ दे रही हैं।

शहर की ये सड़कें हैं बदहाल

शहर की तमाम मेन और लिंक सड़कें गढ्डायुक्त व ऊबड़-खाबड़ हो चुकी हैं। सिगरा-महमूरगंज, रथयात्रा से महमूरगंज रोड, पिपलानी कटरा-रामकटोरा, लक्सा-छोटी गैबी, सिगरा-सिद्धगिरी बाग, कमच्छा-गुरुबाग, शिवपुर लिंक मार्ग, - विश्वेश्वरगंज-अलईपुर मालगोदाम मार्ग, हुकुलगंज-खजुरी मार्ग, हुकुलगंज-बघवाबीर मार्ग समेत दो दर्जन से ज्यादा सड़कें ऐसी हैं, जिसपर आवागमन दुश्वार हो चला है।

एक नजर

- 40 सड़कें हैं शहर में

- 15 सड़कों का चल रहा निर्माण

- 111 किलोमीटर लम्बी हैं सड़कें

शहर की मुख्य सड़कों का मेंटिनेंस चल रहा है। 30 जून तक काम पूरा करने का टारगेट है। बदहाल लिंक रोड्स की मेंटिनेंस कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। धन मिलने पर काम शुरू होगा।

एके सिंह, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी

नगर निगम अपने बजट से गलियों व सम्पर्क मार्गो की समय-समय पर मरम्मत कराता है। जिन मार्गो की हालत खराब है। उसके मेंटिनेंस का प्लान तैयार हो गया है।

रमेश चन्द्र सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त