- सहजनवां क्षेत्र में लोगों से मिले कांग्रेस उपाध्यक्ष

GORAKHPUR: किसान यात्रा के दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को सहजनवां के पिपरा व सहिजना गांव पहुंचे। यहां उन्होंने दलित व पिछड़ी जाति के लोगों के घर भोजन किया और किसानो की समस्यायों से रूबरू हुए। कहा कि हमें यूपी में एक बार मौका दें, हम कर्ज माफऔर बिजली बिल आधा करेंगे। साथ ही किसानों की उपज का सार्थक मूल्य दिया जाएगा।

यात्रा के दौरान पिपरा गांव में राहुल ने रामबचन यादव के घर बिस्कुट और पानी लिया। वहीं, सहिजना गांव के गरीब किसान उदयराज सिंह के घर पहुंच कर रोटी-सब्जी खाई। साथ में बैठे गुलाम नबी आजाद ने भी भोजन किया। इस दौरान दलित परिवार की सुभावती के घर पहुंचे राहुल उनकी समस्याओं से रूबरू हुए और अर्जुन के घर खाना खाया। अर्जुन की पत्नी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष से अपनी समस्या बताते हुए कहा कि दो बेटे पढे़-लिखे बेरोजगार घूम रहे हैं। इस कारण घर खर्च चलाने में काफी दिक्कत होती है।

खाट प्रकरण पर भी बोले

अर्जुन के घर से निकलते समय राहुल गांधी ने खाट प्रकरण पर भी प्रतिक्रिया दी। कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि किसान खाट ले जाता है तो उसे चोर कहा जाता है। वहीं, विजय मल्या पूरा धन उठा ले गया तो उसे डिफाल्टर कहते हैं। स्वागत करने वालों में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अष्टभुजा त्रिपाठी, भैया राम सिंह, दुजेंद्र राम त्रिपाठी, संजय चौबे, श्रवण पांडेय, निर्मला पासवान, ब्लॉक अध्यक्ष गब्बूलाल प्रजापति सहित अनेक लोग मौजूद रहे।