JAMSHEDPUR: मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान विभाग के मुताबिक झारखंड की सीमा से लगे ओडिशा और पश्चिम बंगाल में मानसून दस्तक दे चुका है और संभवत: सोमवार या मंगलवार तक झारखंड में घुस जाएगा। पूर्वानुमान पदाधिकारी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से आसमान में छा रहे बादल और हल्की बारिश प्री मानसून की गतिविधियां हैं और मानसून के प्रभाव से ही इस समय उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसी के कारण झारखंड के अधिकतर इलाकों में रविवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहे और हल्की से मध्यम बारिश भी हुई। इसके साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं। इधर, मौसम विभाग ने रविवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया जो लगभग सामान्य था। इसी तरह न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था। विभाग ने कुल तीन मिमी बारिश रिकार्ड किया। मौसम पूर्वानुमान विभाग ने सोमवार को भी पूर्वी सिंहभूम में आसमान में बादल छाए रहने, हल्की से माध्यम बारिश और 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने की भविष्यवाणी की है।