JAMSHEDPUR: शहर में रविवार को चार मिलीमीटर बारिश हुई। रुक-रुक कर हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी और सुकून का अहसास कराया। मौसम विभाग के अनुसार अब शहर में रोज बारिश की संभावना है। ओडिशा के भुवनेश्वर के पास बने कम दबाव के कारण ही जमशेदपुर में बारिश हो रही है। रविवार दोपहर तक शहर की स्थिति यह रही कि मानगो में पानी गिर रहा है तो साकची, बिष्टुपुर में नहीं। जब बिष्टुपुर व अन्य इलाकों में बारिश हुई तो दूसरे इलाकों में नहीं। वहीं शाम तक बारिश ने शहर के सभी इलाकों को अपने अंदर समेट लिया है। रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। सुबह से ही मानगो क्षेत्र में रिमझिम बारिश शुरू हो चुकी थी। रविवार को शाम तक शहर में कुल चार मिमी बारिश हुई। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 33.0 और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। विभागीय जानकारी के अनुसार शहर में 10 और 11 जुलाई को मेघ गरजने के साथ तेज बारिश के आसार हैं।