- सुबह चटक धूप, दोपहर बाद उमड़े बादल

- मसूरी और चकराता में गिरी सीजन की पहली बर्फ

- आज जिले के सारे स्कूल रहेंगे बंद

DEHRADUN: दून में लंबे इंतजार के बाद दून में सर्दी के सीजन की पहली बारिश हुई। कड़ाके की ठंड में भी लोगों ने बारिश का लुत्फ उठाया। ट्यूजडे को खिली धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई, लेकिन दोपहर तक मौसम ने रुख बदला और पूरे शहर में जमकर बारिश हुई जो देर शाम तक जारी रही। बारिश के चलते दून के टेंप्रेचर में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। मौसम विभाग ने आज भी बादल छाये रहने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना जताई है। बदले मौसम के चलते जिला प्रशासन ने आज सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है।

1 डिग्री गिरा टेंप्रेचर

बारिश के चलते दून के मैक्सिम टेंप्रेचर में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मंडे को मैक्सिमम टेंप्रेचर 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि ट्यूजडे को 21.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दून का मिनिमम टेंप्रेचर 6.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने आज का टेंप्रेचर 21 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई है।

बारिश का लुत्फ उठाया

दरअसल बारिश न होने के चलते दून में सूखी ठंड से लोग परेशान थे। लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश से लोगों को थोड़ी परेशानी तो जरूर हुई लेकिन फिर भी सभी ने बारिश का लुत्फ उठाया। खेती के लिए यह बारिश वरदान मानी जा रही है।

आज स्कूल रहेंगे बंद

मौसम विभाग के मुताबिक दून में आज बारिश की संभावना कम है, लेकिन जिला प्रशासन ने आज जिले के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है। अपने आदेश में डीएम ने कहा है कि सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों की छुट्टी रहेगी, लेकिन स्टाफ और टीचर्स स्कूल आएंगे।