कई जगह उखड़ गए पेड़, बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित

-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आई आंधी

RANCHI: 28 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही रहेगा। सेकेंड हाफ में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। ओले भी पड़ सकते हैं। इस कारण तापमान में खासकर सेकेंड हाफ में गिरावट की भी संभावना बनी हुई है। ये संभावना मौसम विभाग के अधिकारियों ने जताई है।

तापमान में आएगी गिरावट

मौसम पुर्वानुमान के अनुसार, आने वाले चार दिनों तक बारिश के कारण सिटी का मिनिमम टेंपरेचर 20 डिग्री रहने की संभावना है, वहीं मैक्सीमम टेंपरेचर 35 डिग्री के आसपास रहेगा। साथ ही तेज हवा के साथ बारिश एक बार फिर लोगों को परेशान करेगी। 28 अप्रैल के बाद मौसम के बदलने का अनुमान है।

आंधी के साथ बारिश, जगह-जगह जल जमाव

राजधानी में मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। शुक्रवार को भी तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई। दोपहर 1 बजे के बाद अचानक तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई। 50 किलोमीटर रफ्तार से चल रही हवा में कई जगह के पेड़ उखड़ गए। वहीं कई इलाकों में ओले पड़ने से मौसम कूल-कूल हो गया। मौसम में इस बदलाव से अचानक ठंड से कनकनी भी बढ़ गई। थोड़ी देर बारिश रुकने के बाद देर शाम फिर तेज बारिश हुई। इससे मेन रोड, बरियातू रोड, कोकर चौक, लालपुर के अलावा कई इलाकों में बारिश का पानी जमा हो गया। हालांकि इस बारिश से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत जरूर मिली है।

रिम्स के पास गिरा पेड़

शुक्रवार को बारिश से पहले उठी आंधी में रिम्स के पास एक पेड़ टूटकर कैंपस के वाल पर गिर गया। इसके अलावा स्कूलों में छुट्टी के बाद बच्चे भी तेज बारिश में फंस गए। इस दौरान कई बच्चे अपने पैरेंट्स के साथ छतरी का सहारा लेकर घर जाते दिखे।

ओवरहेड तार टूटा, कई ट्रेनें हुई लेट

आंधी के बीच शुक्रवार को नामकोम और रांची के बीच डाउन लाईन पर ओवरहेड वायर टूट जाने से कई ट्रेनें लेट हो गईं। इस वजह से हजारों पैसेंजर्स घंटों स्टेशनों पर फंसे रहे। वहीं, कई ट्रेनें भी लेट हो गई। इनमें मुख्य रूप से पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस, वनांचल एक्सप्रेस, रांची-नई दिल्ली गरीब रथ, स्वर्णजयंती एक्सप्रेस, बांकुड़ा पैसेंजर, जम्मूतवी शामिल हैं। वहीं, रांची से पटना जाने वाली जनशताब्दी को नामकोम से वापस रांची लाया गया, जो तीन घंटे बाद दोबारा रांची से खुली।

चार घंटे परेशान रहे पैसेंजर्स

आंधी की वजह से रांची-नामकोम के बीच ओवरहेड वायर टूट गया। इससे ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। इस बीच पैसेंजर्स को जब ट्रेन लेट होने की खबर मिली तो स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। बार-बार पैसेंजर्स पूछताछ काउंटर पर ट्रेनों का स्टेटस जानने के लिए परेशान दिखे। इस दौरान स्टेशन पर काफी भीड़ हो जाने की वजह से पैर रखने की भी जगह नहीं थी। वहीं तेज बारिश की वजह से भी पैसेंजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कितनी लेट रहीं ट्रेनें

वनांचल एक्सप्रेस 3.30 घंटे

जनशताब्दी एक्सप्रेस 3.20 घंटे

गरीब रथ 3 घंटे

स्वर्णजयंती 5 घंटे

मौर्या एक्सप्रेस 3.30 घंटे

इसके अलावा रांची से खुलने वाली कई ट्रेनें देरी से रांची स्टेशन से खुलीं।