छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र : शहर में शुक्रवार को मौसम ने करवट ली। दिन में तेज धूप निकलने के साथ ही शाम करीब साढ़े चार बजे से काले बादलों ने डेरा जमाना शुरू कर दिया। धूल भरी तेज हवाएं चलने लगी। काले बादल और धूल भरी हवा के कारण घना अंधेरा छा गया। सड़कों पर करीब आधे घंटे के लिए आवागमन ठप पड़ गया। शाम को ही वाहनों की लाइट जलानी पड़ी। हवा चलने के साथ मेघ गर्जन व बारिश होने लगी। तेज हवा और बारिश ने गर्मी से आहत लोगों को राहत पहुंचाई। इस दौरान करीब 14.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

उड़े घरों के छत

आंधी पानी ने जहां लोगों को राहत पहुंचाई वहीं कई लोगों के अरमान भी हवा के साथ बह गए। इस दौरान मेरीन ड्राईब स्थित बस्तियों समेत भुइयांडीह, बागुननगर, उलिडीह, बिरसानगर, बर्मामाइंस आदि स्थानों में कई झोपड़ीनुमा घरों की छत उड़ गए। तेज हवा के कारण टेल्को, कदमा, सोनारी, गोलमुरी, बिष्टुपुर, गरमनाला समेत शहर के अन्य क्षेत्र में पेड़ की डाली टूट कर गिरी। आंधी-पानी के दौरान गैर कंपनी क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई थी। देर शाम तक हल्की बारिश होती रही।

दो डिग्री गिरा अधिकतम पारा

मौसम में आई अचानक बदलाव ने तापमान में कमी की है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.2 और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरूवार की अपेक्षा शुक्रवार को शहर का अधिकतम पारा 1.9 और न्यूनतम पारा 2.8 डिग्री सेल्सियस घटा है। शहर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है।

तीन मई तक ऐसा ही रहेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है, जिसके कारण जमशेदपुर समेत झारखंड के विभिन्न शहरों का मौसम बदला है। मौसम विभाग का अनुमान है कि तीन मई तक तेज हवाओं का प्रभाव रहेगा। इन दिनों 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा बहेगी।