- कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने आए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने भाजपा की नीतियों पर साधा निशाना

GORAKHPUR: उप चुनाव में लड़ाई सीएम योगी आदित्यनाथ से नहीं केंद्र की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ है। मठ का पूरा सम्मान करते रहे हैं और करते रहेंगे। जनता भाजपा की नीतियों से ऊब चुकी है। समाज का हर तबका परेशान है। उप चुनाव में प्रत्याशी डॉ। सुरहिता करीम नहीं, पार्टी लड़ रही है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस चुनाव में खुद लड़ रहा है। ये बातें कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने गोरखपुर आए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राज बब्बर ने कहीं। वे बुधवार को गोरखपुर क्लब के आशीष मैरेज हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से रूबरू थे।

जनता का विश्वास जीतने आए हैं

राज बब्बर ने कहा कि कांग्रेस अपनी नीतियों को लेकर जनता क बीच जा रही है। इन्हीं नीतियों की बदौलत गुजरात विधानसभा और राजस्थान लोकसभा व विधानसभा उपचुनाव में भारी जीत मिली है। जनता को यह विश्वास हो गया है कि देश को बनाने व संवारने की ताकत केवल कांग्रेस में है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में किसी का विरोध करने नहीं आए हैं, अपनी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाकर उनका विश्वास जीतने आए हैं। भरोसा है कि जनता जात-पात और धर्म से ऊपर उठकर पार्टी को एक बार फिर समर्थन देगी। उन्होंने मानबेला प्रकरण पर कहा कि किसानों को वाजिब मुआवजा देने के बजाए उनपर अत्याचार किया जाना अफसोस की बात है। पार्टी इस मामले को गंभीरता से ले रही है। एआईसीसी की पूरी टीम इस मामले को देख रही है। वकीलों से भी सलाह ली जा रही है। जरूरत पड़ी तो न्यायालय में भी किसानों के हक की लड़ाई लड़ी जाएगी।