RANCHI: प्रकृति प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। साल भर का इंतजार खत्म हुआ। अब एक दिन का इंतजार और उसके बाद होगा प्रकृति की अद्भुत खूबसूरती का जमकर दीदार। जी हां, पांच फरवरी से राजभवन गार्डेन आम लोगों के लिए खुल रहा है। यहां कोई भी विजिट कर पेड़-पौधों और फूलों की खूबसूरती का लुत्फ उठा सकता है। राजभवन गार्डेन 15 फरवरी तक आम लोगों के लिए खुलेगा।

200 से अधिक प्रजाति के गुलाब का होगा दीदार

शहर के लोग सुबह दस बजे से दोपहर साढ़े तीन बजे तक राजभवन गार्डेन का दीदार कर सकेंगे। राजभवन के एपीआरओ क्रांति कांत ने जानकारी दी कि आम लोग राजभवन के गेट नंबर दो से प्रवेश कर सकेंगे। इस बार देशी गुलाब की संख्या में बढ़ोतरी की गई है जिसमें 200 से भी अधिक प्रजाति के गुलाब को देखने का मौका मिलेगा। इसके अलावा देशी-विदेशी और हाइब्रिड फूलों की प्रजातियां भी यहां आकर्षण का केंद्र बनेंगी।

52 एकड़ भूमि में हैं 16 हजार प्रकार के पेड़

राजभवन में लगाए गए विभिन्न प्रकार के पौधे जिनमें औषधीय पौधों को लेकर भी लोगों का रुझान रहता है, ये लोगों के लिए खास होगा। 52 एकड़ में फैले गार्डेन एरिया में 16000 प्रकार के पेड़ भी मौजूद हैं। परिसर में अकबर उद्यान, अशोक उद्यान, महात्मा गांधी औषधीय उद्यान, मूर्ति उद्यान में विभिन्न किस्मों के फूल के अतिरिक्त औषधीय पौधे, रुद्राक्ष, सिंदूर , कल्पतरू सीता अशोक, पीला बांस, पेड़ कद्दू जैसे दुर्लभ वृक्ष भी हैं। गार्डेन में मौजूद म्यूजिकल फाउंटेन हर साल की तरह इस बार भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस मौके पर बिरसा मंडप का भी लोग कर पाएंगे दीदार।

पिछले साल 6 लाख लोग पहुंचे

बताते चले कि साल 2005 से ही राजभवन के गार्डेन को इस सीजन में आम लोगों के लिए कुछ दिन खोला जाता है। पिछले साल भी लगभग छह लाख लोग राजभवन गार्डेन शिरकत किए थे।