RANCHI: सिटी में मंडरा रहे चक्रवाती तूफान तितली को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। पूजा पंडालों पर सबसे ज्यादा आफत पड़ सकती है। इसको ध्यान में रखते हुए सबसे पहले पूजा पंडालों को और भी ज्यादा मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली के कमजोर खंभों और झूलते तारों को टाइट करने के साथ-साथ सभी पंडालों में बारिश के पानी के बाहर निकलने के लिए बेहतरीन ड्रेनेज की व्यवस्था की जा रही है। लाइटिंग और अन्य डेकोरेशन को सेफ्टी के साथ इंस्टॉल करने की तैयारी चल रही है। हालांकि, अचानक आए इस तूफान के कारण पूजा समितियों में काफी खलबली का माहौल है। कई पूजा पंडालों के बजट काफी बढ़ गए हैं। इस कारण साज-सज्जा में थोड़ी कटौती की जा सकती है।

हवा में बढ़ी ठंडक

राज्य में बुधवार से ही इसका असर दिखने लगा है। कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और शाम ढलते ही हवा में ठंडक बढ़ रही है। वहीं मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को तेज बारिश और आंधी चलने के आसार व्यक्त किए हैं।

दशहरा तक साफ हो सकता है मौसम

नवरात्रि के शुरुआती तीन दिनों के बीच बादल, बारिश और आंधी के आसार हैं। इसके बाद दशहरे तक मौसम साफ होने की संभावना है। मौसम विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, ओडि़शा की तरफ तूफ ान के तेज गति से बढ़ने की वजह से पूर्वी सिंहभूम समेत आधे झारखंड पर इसका असर देखने को मिलेगा।

आज हो सकती है भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान हल्के बादल छाए रहेंगे। हवा भी चलेगी, 11 अक्टूबर को मौसम विभाग ने बारिश की संभावना व्यक्त की है। इसका असर 12 अक्टूबर तक झारखंड में देखने को मिलेगा। बादल छाने के साथ 25 से 30 किमी की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। मौसम विभाग की मानें तो 12 अक्टूबर के बाद तूफान के कमजोर पड़ने की वजह से मौसम साफ हो जाएगा।

यहां हो सकती है बारिश

रांची के साथ बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में बादल गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है।

वर्जन

तितली तूफान को देखते हुए सिटी के पंडालों और दुर्गा पूजा समितियों को अलर्ट कर दिया गया है। पंडालों और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त और मजबूत रखना होगा। साथ ही पंडालों के भीतर ड्रेनेज की भी व्यवस्था करनी होगी।

राय महिमारत रे, डीसी, रांची