द्दह्वद्वद्यड्ड : भरनो प्रखंड के कमलपुर गांव में असामाजिक तत्वों द्वारा शुक्रवार की रात एक धार्मिक स्थल में प्रतिमा को खंडित कर माहौल बिगाड़ने का असफल प्रयास किया। हालांकि इस घटना से आक्रोशित एक समुदाय के लोगों ने भरनों ब्लाक चौक के समीप रांची-गुमला मार्ग को सुबह सात बजे से साढ़े ग्यारह बजे तक जाम रखा। ग्रामीण असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी एवं उसे हवाले करने की मांग कर रहे थे।

आश्वासन के बाद जाम हटाया

वहीं घटना की सूचना पर शुरू में एसडीपीओ बचनदेव कुजरू, बीडीओ श्वेता वेद व सीओ किरण बोदरा पहुंची एवं लोगो को समझाने का प्रयास किया,पर ग्रामीण अपनी बात पर अड़े हुए थे। बात नहीं बनने पर लगभग ग्यारह बजे एसडीओ नेहा अरोड़ा जाम स्थल पहुंची एवं घटना में शामिल लोगों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तार करने व क्षतिग्रस्त प्रतिमा को बनाने का भरोसा दिया एवं इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।

यह है मामला

जानकारी के अनुसार कमलपुर गांव के वासुदेव उरांव ने रात धार्मिक स्थल में स्थापित प्रतिमा खंडित होने की सूचना ग्रामीणों को दी थी। इसके बाद से ही ग्रामीण इस घटना के विरोध में गोलबंद होने लगे थे। भरनो थाना में व अज्ञात लोगों के खिलाफ धार्मिक भावना भड़काने के प्रयास करने का मामला दर्ज किया गया है। इधर, एसडीओ ने इस दौरान ग्रामीणों के साथ बैठक की एवं इस तरह की घटना से आक्रोशित नहीं होने एवं मिलजुलकर समस्या का निदान ढूंढते हुए साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील लोगों से की।

सदभावना मार्च से निकला अमन-चैन का संदेश

जिले में लगातार असामाजिक तत्वों द्वारा सौहार्दपूर्ण वातावरण को तार-तार करने की कोशिश को समाज के विभिन्न वर्गो ने एकता का संदेश देकर तोड़ दिया है। शहर में शुक्रवार को सदभावना मार्च से अमन-चैन का संदेश निकला। लोगों ने प्रेम और सौहार्द का संकल्प लिया। हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सदभावना मार्च निकालकर एकता पर बल दिया।

मिल-जुलकर रहेंगे

इससे पूर्व कोर्ट रोड नीम मुहल्ला में सांप्रदायिक माहौल के खिलाफ बैठक हुई। जिसमें दोनों समुदाय के लोगों ने मिल-जुलकर रहने का प्रण लिया। शुक्रवार को दोनों समुदाय के लोगों ने रैली निकालकर सांप्रदायिक सदभावना की मिशाल पेश की। रैली में झूठे केस में लोगों को फंसाने की निंदा की गई। रैली में दिलीप कुमार वर्मा, संजय कुमार, रमेश वर्मा, मोहम्मद कैश, हलीम, शकील अख्तर, सुशील सिन्हा, हामिद परवेज हसन, रमजान खान, मोख्तार खान, बच्चू, रंजू, सुभान, शमशुल होदा, इकबाल अख्तर आदि शामिल थे।