RANCHI : रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी, ट्रैफिक एसपी, नगर आयुक्त और खनन विभाग के अधिकारियों से मिलकर पूजा के दौरान सुरक्षा और साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था करने की मांग की है। समिति के संयोजक डॉ अजीत सहाय व रामधन वर्मन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से लिंक रोड में पैदल सुरक्षा बल तैनात करने की भी मांग की। इन्होंने खनन विभाग के पदाधिकारियों से सड़क पर बने गढ्डे भरने के लिए पर्याप्त मात्रा में डस्ट उपलब्ध कराने को कहा। प्रतिनिधिमंडल में मनोज खन्ना, विनय सरावगी, रामा ठाकुर, राजन वर्मा, प्रेम वर्मा, प्रदीप राय, बाबू संजय सिन्हा, गोबरा उरांव, प्रणव कुमार बब्बू, मौलेश सिंह और रवि प्रकाश समेत कई सदस्य शामिल थे।

दशहरा और मुहर्रम को लेकर पुख्ता हो सुरक्षा व्यवस्था

साउथ छोटानागपुर के कमिश्नर केके खंडेलवाल ने सभी जिले के डीसी और एसपी को दुर्गा पूजा और मुहर्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रांची और लोहरदगा जिला प्रशासन को ज्यादा सतर्कता बरतने को कहा है। लॉ एंड ऑर्डर में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार को अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कमिश्नर ने मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस फोर्स की तैनाती करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में जिनकी ड्यूटी लगाई गई है, उनपर भी नजर रखी जाए। ड्यूटी से गायब रहने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।