RANCHI: : रांची नगर निगम संसाधन जुटाने के लिए म्यूनिसिपल बांड जारी करेगा। इससे विकास के लिए जरूरी संसाधन जुटाया जाएगा। झारखंड के नगर विकास विभाग की एजेंसी सुडा ने इस बांड को जारी करने के लिए क्रेडिट रेटिंग एजेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए 28 दिसंबर को प्री बीड मीटिंग तय की गई है। तीन जनवरी को एजेंसी फाइनल कर ली जाएगी। यानी 2019 में रांची नगर निगम का बांड जारी हो जाएगा।

कर्ज भुगतान क्षमता पर क्रेडिट रैंकिंग

झारखंड सरकार की तरफ से रांची नगर निगम के नाम से पहली बार शेयर, बॉन्ड जारी करने का फैसला लिया गया है। सरकार की स्टेट अर्बन डेवलपमेंट एजेंसी सूडा की तरफ से शेयर जारी करने के लिए क्रेडिट रेटिंग एजेंसी से आवेदन मंगाए गए हैं। ये कंपनियां रांची नगर निगम के कर्ज भुगतान क्षमता के आधार पर निगम की क्रेडिट रैंकिंग तैयार करेंगी। इस आधार पर ही 60 करोड़ रुपए के बॉन्ड जारी करने के दस्तावेज तैयार होंगे। पांच वर्ष के लिए ये पैसे बाजार से उगाहे जाएंगे, जो रांची नगर निगम के अंतर्गत स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में लगाए जाएंगे। सरकार की तरफ से पहली बार किसी नगर निगम के लिए बॉन्ड, शेयर, नॉन कन्वर्टिबल डिवेंचर्स के जरिए पैसे की उगाही का निर्णय लिया गया है।

ओपन मार्केट से उठेगा पैसा

क्रेडिट रेटिंग चयनित कंपनी को नगर निगम के राजस्व और देनदारी का आकलन करना होगा। इसके बाद तैयार रिपोर्ट को केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। मंत्रालय से स्वीकृति मिलने के बाद रांची नगर निगम को करीब 60 करोड़ रुपए के बांड जारी करने का अधिकार मिलेगा। यानी ओपन मार्केट में बांड बेचकर निगम पैसा उठाएगा। उसे शहर की विकास योजनाओं में लगाया जाएगा। मालूम हो कि वर्ष 2017 में भी नगर निगम की क्रेडिट रेटिंग कराई गई थी, काफी कम रेटिंग की वजह से बांड जारी करने की स्वीकृति नहीं मिली थी।