RANCHI: शहर में बढ़ते अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस मुख्यालय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर है। पुलिस मुख्यालय ने कुछ दिनों पहले एक एसपी, तीन डीएसपी, 5 इंस्पेक्टर, 4 एएसआई सहित 300 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की थी। वहीं, बुधवार को विशेष शाखा और एसीबी में तैनात 47 पुलिसकर्मियों को भी रांची जिला बल में पदस्थापित किया गया है। रांची में पिछले तीन महीनों में 29 हत्याओं को अपराधियों ने अंजाम दिया है, जो पुलिस की बेबसी को बयां करने के लिए काफी है।

मार्च बना ख्ाूनी महीना

सिर्फ मार्च महीने की बात करें, तो इसे खूनी महीना कहना गलत नहीं होगा। एक महीने में एक दर्जन हत्या को अपराधियों ने अंजाम दे दिया है। इसके बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। और लगातार अपराधियों के खिलाफ रणनीति तैयार की जा रही है। फिर भी अपराधी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। कई मामलों का अबतक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है।

जैप 5 के जवान पर बेटी ने लगाया मारपीट का आरोप

देवघर में पदस्थापित जैप पांच के जवान पर उसकी बेटी ने शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवती ने बताया कि उसकी मां नहीं है। उसके पिता सौतेली मां के साथ मिलकर उसे मारते-पीटते हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को थाने बुलाया। जब पूछताछ की तो पाया कि युवती ने अपने मन मर्जी से एक युवक से शादी रचाई थी। कुछ दिनों बाद उससे भी संबंध टूट गया। इसके बाद वह अपने पिता के घर आ गई। घर आने पर उसके साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। युवती ने कहा कि उसके पिता पढ़ाई का खर्च भी नहीं दे रहे हैं। ऐसे में वह कहां जाएगी। पुलिस दोनों बाप-बेटी की काउंसिलिंग कर रही है।