RANCHI : टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के लिए सोमवार का दिन काफी अहम है। एक तरफ आस्ट्रेलिया में चल रहे ट्राएंगुलर सिरीज मे बने रहने के लिए टीम इंडिया के लिए हर हाल में जीत जरूरी है, वहीं हॉकी इंडिया लीग के सीजन-3 के रांची में होनेवाले मैच में धोनी की टीम रांची रेज पहली बार अपने होमग्राउंड में उतरेगी। इस मैच में रांची रेज का मुकाबला दिल्ली वेबराइडर्स से होगा। मोरहाबादी के एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में यह मैच खेला जाएगा। हालांकि, धोनी के फैन्स इस बात को लेकर थोड़े निराश हैं कि पहली बार एचआईएल में पार्टिसिपेट कर रही धोनी की टीम के होमग्राउंड में होनेवाले मैच में वे मौजूद नहीं रहेंगे।

रांची रेज के मालिक हैं धोनी

टीम इंडिया के कैप्टन महेन्द्र सिंह धौनी ने हॉकी इंडिया लीग की रांची रेज टीम की फ्रेंचाइजी ली है। धोनी ने सहारा इंडिया के साथ मिलकर टीम खरीदी है। वे रांची रेज के प्रिंसिपल ओनर हैं। इस तरह महेंद्र सिंह धोनी जहां खुद क्रिकेट में टीम इंडिया की कमान संभाल रहे हैं, वहीं एचआईएल में उनकी टीम जलवा बिखेरने को तैयार है।

धोनी ने टीम को दी शुभकामना

महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों आस्ट्रेलिया में हैं। आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड के साथ चल रहे ट्राएंगुलर सिरीज में वे टीम इंडिया के कैप्टन हैं। ऐसे में एचआई के रांची में होनेवाले मैच में वे शामिल नहीं हो पाएंगे। वैसे, उन्होंने अपनी टीम को शुभकामना संदेश भेजा है और उम्मीद है कि रांची रेज की टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी।

धोनी के नाम पर होगा मुकाबला

26 जनवरी के दिन क्रिकेट और हॉकी प्रेमियों की नजर महेंद्र सिंह धोनी पर रहेगी। चाहे आस्ट्रेलिया में आस्ट्रेलिया के साथ ओडीआई मुकाबला हो या रांची में एचआईएल में रांची रेज और दिल्ली वेबराइडर्स का मुकाबला। इन दोनों ही मुकाबले में धोनी की टीम नजर आएगी। ऐसे में ये दोनों ही मुकाबले धोनी के नाम पर ही खेले जाएंगे।

रांची रेज हार चुकी है पहला मैच

एचआईएल सीजन-3 के ओपनिंग मैच में रांची रेज को शिकस्त मिली थी। ओडि़शा के कलिंगा स्टेडियम में हुए इस मैच में कलिंगा लांसर्स ने रांची रेज को 6-3 से पराजित कर दिया था। अब रांची में अपने होमग्राउंड में होनेवाले मैच में रांची रेज की साख दांव पर होगी।