RANCHI रांची यूनिवर्सिटी में फरवरी में युवा प्रतिभाओं का जमावड़ा लगेगा। राष्ट्रीय युवा महोत्सव में वे अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरेंगे। 33 वां राष्ट्रीय युवा महोत्सव रांची यूनिवर्सिटी में आयोजित होगा। 16 से 20 फरवरी के बीच आयोजित इस महोत्सव की इनॉगरल सेरेमनी आर्यभटट सभागार में होगी। अन्य कार्यक्रमों का इंट्री के आधार पर वेन्यू तय होगा। कार्यक्रम की तिथि तय कर एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज को भेज दी गयी है। आरयू के डीएसडब्ल्यू पीके वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय युवा महोत्सव के आयोजन की जिम्मेवारी मिलना यूनिवर्सिटी ही नहीं पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है।

पहली बार झारखंड में

रांची यूनिवर्सिटी की मेजबानी में आयोजित होने वाला यह महोत्सव झारखंड का अब तक का पहला राष्ट्रीय इंटर यूनिवर्सिटी युवा महोत्सव होगा। इसमें देशभर के विश्वविद्यालयों की प्रतिभाएं जुटेंगी। अब तक झारखंड के पड़ोसी राज्य बिहार और ओडि़शा को भी इसकी मेजबानी का जिम्मा नहीं मिला है। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज ने रांची विश्वविद्यालय को इसके आयोजन की जिम्मेवारी सौंपी है।

संसाधनों की नहीं है कमी, होगा शानदार आयोजन

युवा महोत्सव के आयोजन के लिए रांची यूनिवर्सिटी के पास तीन महीने का समय है। इसके अलावा विश्वविद्यालय के पास आर्यभटट ऑडिटोरियम है जहां मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके अलावा दीक्षांत मंडप और सेंट्रल लाइब्रेरी का शहीद स्मृति सभागार है। इसके अलावा वैकल्पिक व्यवस्था के रुप में निफ्ट का कैंपस भी यूज किया जा सकता है। युवा महोत्सव प्रतिभाओं को निखारने के प्लेटफार्म हैं। इससे कला-संस्कृति, साहित्य और अभिनय के क्षेत्र ने नयी प्रतिभाएं निकलती हैं। अभिनेता मनोज वाजपेयी, आशुतोष राणा, अभिनेत्री गुल पनाग और सुगंधा मिश्रा युवा महोत्सवों की ही देन है।