RANCHI : एजुकेशन हब बनने की दिशा में रांची के कदम आगे बढ़ चुके हैं.आईआईएम, एनएलयू और सेंट्रल यूनिवर्सिटी के बाद दर्जन भर यूनिवर्सिटी यहां दस्तक देने को तैयार है। छह प्राइवेट यूनिवर्सिटी रन कर रही है, जबकि चार को जल्द ही लेटर ऑफ इंटेंट मिल जाएगा। देश का दूसरा डिफेंस यूनिवर्सिटी भी यहीं खुल रहा है। ट्रिपल आईटी खोले जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा रांची वीमेंस कॉलेज और रांची कॉलेज को स्टेट यूनिवर्सिटी और सेंट जेवियर्स कॉलेज को डिम्ड यूनिवर्सिटी बनाने की तैयारी जोरशोर से चल रही है।

कई प्राइवेट यूनिवर्सिटी की दस्तक

रांची में एमिटी यूनिवर्सिटी, आइसैक, प्रज्ञान फाउंडेशन को स्वीकृति दे दी गई है। कारुण्या और मेटास यूनिवर्सिटी खुल चुकी है। इसके अलावा जो जो प्राइवेट यूनिवर्सिटी आना चाहती है, उन्हें सरकार की ओर से ऑफर लेटर भेजा जा रहा है। राज्य में हायर एजुकेशन के फील्ड में ज्यादा से ज्यादा निवेश हो, इसे लेकर सरकार की ओर से सभी संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

रांची कॉलेज को स्टेट यूनिवर्सिटी का दर्जा

रांची कॉलेज को स्टेट यूनिवर्सिटी का दर्जा मिल चुका है। इस कॉलेज में बेसिक फैसिलिटीज और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 55 करोड़ रुपए मिलेंगे, जिसमें 27.5 रुपए रांची कॉलेज के खाते में ट्रांसफर भी कर दिए गए हैं। इस फंड से कॉलेज में प्रशासनिक भवन, गेस्ट हाउस, कंप्यूटर भवन, इंडोर गेम स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, कैंटीन, वोकेशनल कोर्स के लिए एकेडमिक भवन, परीक्षा भवन और फुली एसी ऑडिटोरियम बनाया जा रहा है। इसके अलावा रांची वीमेंस कॉलेज को भी स्टेट यूनिवर्सिटी का दर्जा दिया जाएगा।

आरयू में खुलेंगे पांच नए कॉलेज

झारखंड में चरणबद्ध तरीके से 38 डिग्री कॉलेज खोले जायेंगे। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कॉलेजों की स्थापना की मंजूरी दे दी है। इसके तहत रांची विश्वविद्यालय के अंतर्गत पांच, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के अंतर्गत दस, सिदो-कान्हू विश्वविद्यालय के अंतर्गत आठ तथा नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय के अतंर्गत छह और कोल्हान विश्वविद्यालय के तहत पांच महाविद्यालय खोले जाएंगे।

खुलेंगे दो प्रोफेशनल कॉलेज

रांची और जमशेदपुर में प्रोफेशनल कॉलेज खोले जाएंगे। प्रोफेशनल कॉलेज खोलने के लिए 26 करोड़ रुपए के फंड को स्वीकृति दे दी गई है। प्रोफेशनल कॉलेज खुल जाने के बाद मैनेजमेंट की पढ़ाई के लिए स्टूडेंट्स को अदर स्टेट का रूख नहीं करना होगा।

100 टेक्निकल कॉलेज खोलने की तैयारी

सरकार ने राज्य के सभी प्रमंडलों में एक-एक इंजीनियरिंग कॉलेज और हर जिले में पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने का फैसला लिया है। इसके अलावा उन जिलों में महिला कॉलेज खोला जाएगा, जहां यह नहीं है। 12 पिछड़े जिलों में ब्वॉयज कॉलेज खोलने का भी प्रस्ताव है।

जीआईआर को 32 परसेंट करने का टारगेट

साल 2022 में हायर एजुकेशन के क्षेत्र में झारखंड का ग्रॉस इनरॉलमेंट रेसियो(जीईआर)32 परसेंट करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल झारखंड का जीईआर 13.1 परसेंट है, जबकि देश का जीईआर 22 परसेंट है।

692 करोड़ रुपए होगा पूंजी निवेश

राज्य में नई यूनिवर्सिटी के आने से 1432 करोड़ रुपए का पूंजी निवेश होगा। इससे यहां रोजगार के भी अवसर बढ़ेंगे। आरयू में प्रोफेशनल कॉलेज खुलेगा तो विनोबा भावे विवि में लॉ कॉलेज स्थापित करने की तैयारी चल रही है। आईएसएम को आइआइटी में अपग्रेड करने का काम जारी है। आइआईटी के लिए राज्य सरकार ने भूमि अर्जन कर 50 करोड़ रुपए का आर्थिक सहयोग दिया है।