RANCHI : छोटानागपुर एथलेटिक्स एसोसिएशन (सीएए) की टीम ने शनिवार को टी मुचिराय मुंडा झारखंड राज्य अंतर जिला फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब जीत इतिहास रच दिया। अलग राज्य बनने के बाद रांची की टीम पहली बार अंतर जिला फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब जीतने में सफल रही। शनिवार को खूंटी के बिरसा कॉलेज ग्राउंड में सीएए रांची ने बोकारो को 5-0 से हराया। रांची के लक्ष्मीकांत महतो को मैन ऑफ द मैच व मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।

शुरू से ही बनाया दबाव

रांची की टीम ने तेज शुरुआत की। राहुल ने 25वें मिनट में गोलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। 30वें मिनट में उपांद्र हजाम ने रनिंग गेंद पर गोल दागकर सीएए को 2-0 से आगे कर दिया। 43वें मिनट में लक्ष्मीकांत ने विरोधी टीम की रक्षा पंक्ति को भेदते हुए शानदार गोल कर टीम की बढ़त 3-0 कर दी। हाफ टाइम तक रांची की टीम 3-0 से आगे रही। 77वें मिनट में लक्ष्मीकांत ने अपना दूसरा और टीम के लिए चौथा गोल (4-0) किया। 88वें मिनट में राहुल कोया ने अपना दूसरा व टीम का पांचवां (5-0)गोल दागा।

दिए हैं कई नेशनल-इंटरनेशनल प्लेयर्स

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि खूंटी की धरती प्रतिभावान खिलाडि़यों के लिए जानी जाती है। यहां के कई खिलाडि़यों ने राज्य व देश का मान बढ़ाया है। इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, सरला बिरला स्कूल के प्रशासनिक प्रमुख के प्रदीप वर्मा, झारखंड फुटबॉल संघ के महासचिव गुलाम रब्बानी ने पुरस्कार वितरण किया।