- राजापुर की घटना, पड़ोसियों ने किया हंगामा

ALLAHABAD:

कैंट पुलिस स्टेशन एरिया के राजापुर में रविवार दोपहर घर में घुसकर किशोरी से रेप की कोशिश की गई। किशोरी ने शोर मचाया तो पड़ोसी जुट गए। लोगों को जुटता देख युवक भाग निकला। युवक पड़ोस का ही रहने वाला है। इस घटना के बाद दोनों परिवार के बीच जमकर नोकझोंक हुई। पुलिस को भी खबर दी गई। पुलिस मामले को जमीन विवाद से जोड़कर देख रही है।

पिता की है सब्जी की दुकान

किशोरी के पिता राजापुर में सब्जी की दुकान लगाते हैं। 17 साल की बड़ी बेटी 12वीं की स्टूडेंट है। दुकानदार की बेटी रविवार को घर पर अकेली थी। उनकी मां ममफोर्डगंज में अपने रिश्तेदार के घर गई हुई थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक दोपहर में घर पर पहुंचा और दरवाजे पर दस्तक देने लगा। दरवाजा किशोरी ने खोला। युवक ने पूछा कि उसके मां-पिता कहां है। किशोरी ने बताया कि वह घर पर अकेली है तो युवक की नीयत खराब हो गई। वह छेड़खानी करने लगा और धक्का देते हुए किशोरी को भीतर ले गया। उसने भीतर से घर का दरवाजा भी बंद कर दिया।

शोर मचाने पर जुटे पड़ोसी

किशोरी का मुंह दबाकर उसने रेप की कोशिश की। किशोरी ने युवक के हाथ को दांत से काट लिया और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए। लोगों ने दरवाजा पीटना शुरू किया तो युवक पीछे की तरफ से दीवार फांदकर भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही किशोरी के पिता व मां मौके पर पहुंचे। किशोरी ने आपबीती सुनाई तो उसके घर वालों ने पड़ोसी के घर पर धावा बोल दिया। गालीगलौज के बाद नौबत मारपीट की आ गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत करवाया। आरोपी युवक प्राइवेट जॉब करता है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। किसी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।