आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र में महिला ने एक दरोगा पर रेप का आरोप लगाया है। पीडि़ता ने कोर्ट के माध्यम से मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, दूसरी तरफ थाना न्यू आगरा क्षेत्र में किशोरी के साथ पड़ोसी युवकों ने रेप किया। विरोध करने पर खौलता तेल डाल कर हाथ जला दिया।

जबरन कराया गर्भपात

थाना सिकंदरा के रुनकता निवासी महिला के पास आरोपी दरोगा 2007 में किसी मुकदमें के सिलसिले में आया था। उसने महिला को थाने पर बुलाया। आरोप है कि दरोगा उसे अपने कमरे पर ले गया। उसके साथ रेप किया। दरोगा ने महिला को अंधेरे में रखा कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। वह उसे पत्‍‌नी बना कर रखने लगा। पीडि़ता का आरोप है कि जनवरी 2014 में वह गर्भवती हुई, तो जबरन उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद फिर से उसके साथ रेप किया। महिला को जब पता चला कि दरोगा पहले से विवाहित है तो उसने विरोध किया। इस पर दरोगा ने उसके साथ मारपीट की। दो महीने पहले वह उसे छोड़ कर चला गया। वर्तमान में दरोगा की तैनाती टूंडला के एक थाने में है। पीडि़ता ने कोर्ट के माध्यम से मुकदमा दर्ज कराया है।

विरोध करने पर डाल दिया खौलता हुआ तेल

थाना न्यू आगरा के बल्केश्वर निवासी 14 वर्षीय आठवीं की छात्रा के पिता गाड़ी चलाते हैं। पांच जून को मां मायके गई थी। पिता गाड़ी चलाने गए थे। उस दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला उसके घर पर आई और बिजली बिल भरने का बहाना कर उसे अपने घर पर ले गई। महिला ने उसे ऊपर के कमर से पानी लाने को बोला। वहां पर पहले से दो सगे भाई मौजूद थे। आरोप है कि दोनों भाइयों ने कमरे में खींच लिया। एक भाई ने उसे पकड़ लिया जबकि दूसरे ने उसका रेप किया। वह भागी तो उसके साथ मारपीट करते हुए खौलता हुआ तेल चेहरे पर डाल दिया। उसने हाथ से चेहरा बचाया तो तेल उसके हाथ पर आ गया। इसके बाद पीडि़ता की ताई वहां पर आई और उसे ले गई। परिजनों ने छह जून को दोनों भाई व आरोपियों की बहन व अन्य रिश्तेदार महिला के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी महिला को पकड़कर छोड़ दिया। इस पर परिजन गुरुवार को एएसपी से मामले की शिकायत करने पहुंचे।