रेलवे की जांच कमेटी के सामने आरोपियों ने कबूल किया गुनाह

-सिविल लाइन थाने में शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच, तीन गिरफतार

ALLAHABAD: सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अन्तर्गत रेलवे केन्द्रीय हॉस्पिटल में एक लड़की के साथ रेप का मामला सामने आते ही हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी के बाद रेलवे अधिकारियों ने जांच के बाद आरोपित दो वार्ड ब्वाय, एक ड्रेसिंग मैन और एक सफाईकर्मी को निलंबित कर दिया है। अस्पताल के डाक्टर की तरफ से दी गई तहरीर पर पुलिस जांच में जुट गई। हालांकि अभी तक मामले में रिपोर्ट इसलिए दर्ज नहीं हुई, क्योकि पीडि़त लड़की के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस तीन आरोपितों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।

हॉस्पिटल कैंपस में वारदात को दिया अंजाम

सिविल लाइंस थाने से महज चंद कदमों की दूरी पर रेलवे का हॉस्पिटल है। जहां बीते आठ अगस्त की रात हॉस्पिटल कैंपस में आउट डोर के पीछे चार कर्मचारी एक लड़की से दुष्कर्म करते देखे गए। इस बारे में किसी ने हॉस्पिटल में मौजूद डाक्टरों को घटना की जानकारी दी। मामले की जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। तब तक आरोपी चारों कर्मचारी और लड़की वहां से निकल भागे। मामला रेलवे के आला अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद अधिकारियों के तीन सदस्यीय जांच टीम ने आरोपित वार्ड ब्वाय रवि बिंद से पूछताछ की। इस जांच में रवि ने कबूल किया कि वह और तीन अन्य कर्मचारी के साथ रेप में संलिप्त था। इसके बाद रेलवे अफसरों ने एसएसपी नितिन तिवारी से संपर्क कर पूरा मामला बताया। डाक्टर की तरफ से सिविल लाइंस थाने में दी गई तहरीर के बाद पुलिस ने रवि समेत तीन कर्मचारी को उठा लिया। उधर, रेलवे ने आरोपित कर्मचारी वार्ड ब्वाय रवि बिंद, श्याम बाबू, ड्रेसिंग मैन मनमोहन लाल और सफाई कर्मी सुरेश को सस्पेंड कर दिया। पुलिस अब तक एफआइआर इसलिए नहीं कर सकी है कि लड़की का पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल किसका कराया जाए। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ चल रही है।

जैसे ही घटना की जानकारी हुई अफसरों के निर्देश पर जांच की गई। एक कर्मचारी ने कबूल किया कि उन लोगों ने दुष्कर्म किया। ऐसे में रेलवे ने पूरा मामला पुलिस अधिकारियों को बताते हुए रवि, श्यामबाबू, सुरेश और मनमोहन को निलंबित कर दिया। डाक्टर की तरफ से तहरीर दी गई है। तीन सदस्यीय कमेटी जांच कर रही है। लड़की वाराणसी की थी, वह मौके से निकल गई थी।

गौरव कृष्ण बंसल, सीपीआरओ, एनसीआर