-आधा घंटा इंतजार करने के बाद लौटे सांसद

KAUSHAMBI (25 June, JNN): जिला हॉस्पिटल में रेप पीडि़त महिलाओं के साथ सुरक्षा के नाम पर अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। इसका खुलासा तब हुआ जब सांसद पीडि़ताओं का हालचाल लेने पहुंचे। वार्ड में बाहर से ताला लगाकर महिला सिपाही नदारद थी, जिसको लेकर सांसद को आधा घंटा बाहर रहना पड़ा। उधर, पुलिस अधिकारियों ने महिला सिपाहियों की कमी और सुरक्षा को कारण बताकर मामले से पल्ला झाड़ लिया है।

दुराचार की सात पीडि़ताएं भर्ती

हॉस्पिटल के महिला वार्ड में दुराचार से पीडि़त सात महिलाओं व किशोरियों का इलाज चल रहा है। इनका मेडिकल भी किया जाना है। यहां से बलात्कार की शिकार दो किशोरियों का अपहरण भी हो चुका है। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई, लेकिन सुरक्षा के नाम अमानवीय कृत्य किया जा रहा है। गुरुवार को सांसद विनोद सोनकर पीडि़ताओं का हालचाल लेने पहुंचे तो वार्ड का ताला बाहर से बंद पाया गया। पता चला कि महिला सिपाही सभी को वार्ड में कैद कर कहीं गई है। आधे घंटे तक बाहर इंतजार करते रहे सांसद ने इस पर नाराजगी जताई है। उन्होंने इस मामले में एसपी रतनकांत पांडेय को अवगत कराया तो उन्होंने इससे पल्ला झाड़ लिया। उनका कहना था कि सुरक्षा के मद्देनजर महिला सिपाही ने ऐसा किया है।