- गगहा एरिया में दिव्यांग युवती को बनाया शिकार

- पिता के मौत की सहायता राशि लेने मुंबई गई थी मां

GORAKHPUR: गगहा एरिया में मनबढ़ युवक ने दिव्यांग युवती से रेप किया। युवती के विरोध जताने पर मारपीट कर फरार हो गया। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपी ने युवती के छोटे भाई की हत्या की धमकी दी थी। इसलिए डरे-सहमे बच्चों ने पड़ोस के लोगों से भी घटना का जिक्र नहीं किया। दबंगों के डर से युवती और उसके भाई घर में कैद रहे। एक हफ्ते बाद उनकी मां मुंबई से घर लौटी तो घटना की जानकारी हुई। भूखे बच्चों के लिए कान की बाली बेचकर मां ने रोटी का इंतजाम किया। फिर बेटी को न्याय दिलाने के लिए तहरीर लेकर थाने पहुंची। दिव्यांग बेटी के साथ वह दिनभर भटकती रही। काफी प्रयास के बाद पुलिस उसकी बात सुनने को तैयार हुई।

सात दिन पहले गई मंबई

गगहा एरिया की एक युवती बोलने और सुनने में असमर्थ है। उसके पिता मुंबई में रहकर कमाते थे। सात माह पहले उनकी मौत हो गई। मुआवजे के लिए कागजी कार्रवाई पूरी कराने के लिए युवती की मां को मुंबई बुलाया गया। परिचितों के साथ मुंबई जाने के पहले मां ने अपनी दो बेटियों और बेटे को मायके पहुंचा दिया। नानी के पास बच्चों के रहने-खाने का इंतजाम कर वह चली गई। पति की मौत से संबंधित कानूनी औपचारिकता पूरी कराकर 17 सितंबर की रात घ्ार लौटी।

मां को सुनाई आपबीती

महिला के घर पहुंचते ही दिव्यांग बेटी उससे लिपटकर रोने लगी। बेटी की हालत देखकर पहले तो वह कुछ नहीं समझ सकी। लेकिन बेटी ने जब इशारों में उससे पूरी घटना बताई तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। युवती ने मां को बताया कि आठ सितंबर की सुबह 11 बजे वह अकेली बाग में गई थी। तभी गांव के युवक ने उसे पकड़ लिया। मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके साथ रेप किया। पहले तो बेटी की बात पर मां को भरोसा नहीं हुआ। लेकिन घर में पड़े खून से सने कपड़े देखकर वह परेशान हो गई। रविवार को वह बेटी के साथ हुई ज्यादती की शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची। आरोपी और उसके भाई ने जानमाल की धमकी देकर भगा दिया। थाने जाने पर बेटे की हत्या की धमकी दी।

बाली बेच खरीदा खाना

दबंगों के डर से युवती की मां चली गई। मामले की शिकायत करने के लिए मददगार तलाशती रही। दबंगों के भय से परिवार के सदस्य बाहर नहीं निकले थे। इसलिए घर में खाने-पीने का कोई सामान नहीं रह गया था। कान की बाली बेचकर मां ने बच्चों के लिए खाने-पीने का इंतजाम किया। सोमवार सुबह कुछ लोगों की मदद से तहरीर लेकर बेटी संग गगहा थाना पहुंची। पुलिस कर्मचारियों ने महिला की बात सुनकर गजपुर पुलिस चौकी पर जाने की सलाह दी। महिला तहरीर लेकर गजपुर चौकी पहुंची और चौकी प्रभारी से मिलकर कार्रवाई की गुहार लगाई।

वर्जन

मामले की जानकारी मिली है। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

- मनोज राय, चौकी प्रभारी