- माखी थाना क्षेत्र के गांव विरसिंहपुर का मामला

UNNAO: नवाबगंज विकासखंड के ग्राम विरसिंहपुर में एक महिला के घर में घुसकर युवक ने दुष्कर्म किया। घटना के बाद युवक ने महिला को किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने भी उसकी मदद नहीं की है। इससे आरोपी के हौसले बुलंद हैं। पीडि़त ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है। ग्राम विरसिंहपुर निवासी एक महिला को उसके घर में अकेला पाकर गांव का ही एक युवक राशन तौलाने के बहाने उसके घर पहुंच गया। जब महिला घर के अंदर राशन निकालने गयी तो युवक भी पीछे से अंदर पहुंचा और दरवाजा बंद कर लिया। महिला ने विरोध किया पर युवक के सामने उसकी एक न चली और उसे दुष्कर्म का शिकार बनाया। घटना के बाद युवक ने पीडि़त महिला को जान से मारने की धमकी दी और वहां से भाग निकला। कुछ समय बाद जब महिला का पति वापस लौटा तो पीडि़ता ने उसे आपबीती सुनाई। दोनों ने माखी थाना पहुंच कर प्रार्थना पत्र दिया लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। पुलिस के रवैये से नाराज पीडि़ता ने इसकी शिकाएत पुलिस अधीक्षक से करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है।