- लड़की की मां ने पड़ोस के गांव के युवक के खिलाफ दी तहरीर

- मामले में गंभीर नहीं हुई पुलिस, केस दर्ज नही

CAMPIERGANJ: कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की से पड़ोस के गांव का युवक दो साल तक दुराचार करता रहा। लड़की के विरोध करने पर वह उसे शादी का झांसा देता रहा। इस बीच लड़की 5 माह की प्रेगनेंट हो गई लेकिन उसने शादी नहीं की। लड़की ने मंगलवार को घर वालों को पूरी बात बताई। लड़की के परिजनों के बात करने पर युवक मुकर गया। इसके बाद लड़की की मां ने बुधवार को थाने में युवक के खिलाफ तहरीर दी। मामले में पुलिस ने लापरवाही दिखाई और देर शाम तक कार्रवाई करना तो दूर, केस तक दर्ज नहीं किया।

2 साल पहले किया रेप

थाना क्षेत्र के एक गांव की 20 वर्षीय लड़की से पड़ोस के 22 वर्षीय युवक ने दोस्ती कर ली। 2 साल पहले उसे मिलने के बहाने बुलाया। फिर लड़की से संबंध बनाना चाहा। विरोध करने पर उसके साथ जबरदस्ती रेप किया। फिर, घर वालों से सारी बात कहने से मना किया। दोनों की इज्जत का भी हवाला दिया वादा किया कि वह उससे ही शादी करेगा।

बुलाकर करता रहा रेप

धीरे-धीरे युवक का मन बढ़ता गया। वह अक्सर लड़की को बुलाकर उसके साथ मनमानी करता रहा। शादी की बात कहने पर अभी और इंतजार करने को कह देता। शारीरिक संबंध बनाने से मना करने पर शादी नहीं करने की धमकी देता। कई बार घर पर भी पहुंच जाता और जबरदस्ती करता। इस तरह शादी का झांसा देकर 2 साल तक युवक लड़की से रेप करता रहा।

हो गई प्रेगनेंट

इस बीच लड़की प्रेगनेंट हो गई। इसकी जानकारी युवक को दी तो उसने बच्चा गिरवा देने को कहा। लड़की ने कहा कि वह बच्चा नहीं गिरवाएगी। वादे के मुताबिक वह उससे शादी करे। इस पर युवक टाल-मटोल करने लगा। लड़की जब 5 माह की प्रेगनेंट हो गई तो उसे लगा कि अब घर वालों को नहीं बताया कि परिवार की इज्जत जानी तय है। मंगलवार को उसने परिजनों को सारी बात बताई।

मुकर गया युवक

सारी बात जानने के बाद परिजनों ने युवक से बात की। युवक रेप व शादी के वादे से पूरी तरह मुकर गया। उसका कहना था कि वह कभी उससे मिला ही नहीं। काफी समझाने पर भी वह नहीं माना। बुधवार को लड़की की मां ने कैंपियरगंज थाने पर युवक के खिलाफ तहरीर दी।

मामले की जांच की जा रही है। सही पाए जाने पर केस दर्ज किया जाएगा।

सुरेन्द्र कुमार, एएसपी