- ऑटो और टैम्पो से कम किराया वसूलेगा सिटी बस प्रबंधन

- सिटी बस प्रबंधन करेगा राजधानी के 36 रूटों का सर्वे

LUCKNOW: सिटी बस का सफर अब यात्रियों के लिए फायदे का सौदा साबित होगा। सिटी बस प्रबंधन ने सिटी बस का किराया कम करने की तैयारी कर ली है। इसका मकसद सिर्फ यह है कि अब तक जो यात्री बसों में सफर नहीं कर रहे हैं, वे भी इस सेवा का लाभ उठाएं। इसके लिए सिटी बस प्रबंधन जल्द ही रूट का सर्वे भी करवाएगा।

यात्रियों को लुभाने का प्रयास

सिटी बस प्रबंधन के अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में इस समय 260 सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है और रोजाना 60,000 लोग सफर करते हैं। इसके बावजूद सिटी बसों का घाटा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में सिटी बस प्रबंधन यात्रियों को लुभाने में लगा है। इसी के चलते सिटी बस प्रबंधन ने अब किराया कम करने की तैयारी की है। विभागीय लोगों ने बताया कि ऑटो और टैम्पों में यात्री बैठने के लिए बेकरार रहते हैं। ऐसे में उन्हें अधिक फायदा मिलता है। इसका कारण यह भी है कि कई जगह ऑटो और टैम्पो का किराया सिटी बस की तुलना में कम है।

एक बार फिर होगा रूट्स का सर्वे

इसके चलते एक बार फिर उन सभी रूटों का सर्वे किया जाएगा, जहां सिटी बसों का संचालन हो रहा है। लगभग 36 रूटों पर सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है। सर्वे में जहां का किराया अधिक होगा, उसे कम किया जाएगा, जिससे यात्री हमारी बसों में सफर करने के लिए प्रोत्साहित हो।

एमएसटी शुल्क भी होगा कम

किराया कम करने पर एमएसटी का शुल्क भी कम किया जाएगा। सिटी ट्रांसपोर्ट के प्रबंध निदेशक ए। रहमान ने बताया कि मंडलायुक्त कार्यालय में हुई बैठक में मंडलायुक्त ने सिटी बसों के घाटे को कम करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए योजनाएं बनाए जाने की बात भी कही है।

एक बार फिर से सिटी बसों के सभी रूटों के किराए की समीक्षा की जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि हम ऑटो और टैम्पो की तुलना में कम किराया ले रहे हैं या अधिक। जहां किराया अधिक होगा, उसे तुरंत ही कम किया जाएगा।

- ए। रहमान,

प्रबंध निदेशक, सिटी ट्रांसपोर्ट