RANCHI: सिटी के सभी परिवारों को राशन कार्ड देने की योजना तैयार की गई है। इसके तहत नौ दिनों का स्पेशल कैंप सिटी के सभी वार्डो में लगेगा। इस दौरान जिन्होंने कार्ड के लिए आवेदन किया है, उनका भौतिक सत्यापन तो होगा ही, साथ ही जिन्होंने आवेदन नहीं किया है, उन्हें स्थानीय लोगों की अनुशंसा पर राशन कार्ड दिया जाएगा। इसे लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी 55 वार्ड के लिए डेट भी तय कर दी गई है। 5 मार्च से लेकर 13 मार्च तक हर वार्ड में कैंप लगेगा। समाज के कमजोर वर्ग को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर राशन कार्ड दिया जाना है, इसलिए जिन लोगों ने नए राशन कार्ड के लिए आवेदन दिया है। उनका भौतिक सत्यापन करके उनको राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन दिया है

राशन कार्ड प्रक्रिया ऑनलाइन होने की वजह से कई गरीब व्यक्ति या परिवार जानकारी के अभाव में राशन कार्ड प्राप्त करने से वंचित रह जाते हैं। इसलिए जिन लोगों ने आवेदन दिया है ऐसे व्यक्ति को चिन्हित कर राशन कार्ड जारी करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

29 कैटेगरी चिन्हित

राशन कार्ड रांची के सभी 55 वार्ड के लोगों को दिया जाएगा। 29 कैटेगरी के लोगों को नया राशन कार्ड निर्गत किया जाएगा। भिखारी, कचरा चुनने वाले, कुली, मजदूर, ठेला चलाने वाले, रिक्शा चलाने वाले, सामान ढोने वाले, जानवर चराने वाले, दिव्यांग, असहाय, विधवा, परित्यक्ता महिला, आदिम जनजाति परिवार, कुष्ठ रोगी, एड्स रोगी, सिंगल महिला, वाहिनी, राजमिस्त्री, बिजली मिस्त्री, दर्जी, प्लंबर, माली, धोबी, मोची।

5 मार्च से 13 मार्च तक चलेगा अभियान

जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि रांची शहर में जिन लोगों ने ऑनलाइन आवेदन दिया है, उनको नया राशन कार्ड इश्यू करना है। इसके पहले उनका भौतिक सत्यापन किया जाना है। इसके लिए 5 मार्च से 13 मार्च तक रांची के सभी 55 वार्ड में यह अभियान चलाया जाएगा। शुरुआत एक नंबर वार्ड से होगी और समापन 55 नंबर वार्ड में किया जाएगा।

वर्जन

रांची शहर में बहुत सारे गरीब लोग जिनकी आय का कोई साधन नहीं है, उनको राशन कार्ड देना अनिवार्य है। इसलिए बहुत सारे लोगों ने जिन्होने ऑनलाइन आवेदन किया है, उन सबका भौतिक सत्यापन किया जाना जरूरी है। इसके लिए रांची के सभी 55 वार्ड में पांच मार्च से लेकर 13 मार्च तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।

-नरेंद्र कुमार गुप्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, रांची