- सिर्फ महिला मुखिया का ही आधार नम्बर लिंक होने से राशन वितरण में उत्पन्न हुई समस्या

- परिवार के बाकी सदस्यों को राशन नहीं मिलने पर पहुंच रही डीएसओ के पास शिकायतें

BAREILLY:

ब्लैक हो रहे सरकारी राशन पर लगाम लगाने के लिए प्वॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) के जरिए राशन वितरण की प्रक्रिया बरेली सहित पूरे प्रदेश में शुरू की गई है। लेकिन पीओएस से राशन वितरण में आधार के चलते अडं़गा पैदा हो गया है। दरअसल, नई व्यवस्था शुरू करने से पहले डिस्ट्रिक्ट सप्लाई ऑफिस ने प्रॉपर तौर पर परिवार के प्रत्येक सदस्यों का आधार नम्बर लिंक नहीं किया। आनन-फानन में सिर्फ महिला मुखिया का आधार नम्बर लिंक कर पीओएस के माध्यम से राशन बांटने का काम शुरू कर दिया गया है। जिसके कारण अब समस्या उत्पन्न हो गई है। महिला मुखिया के अलावा परिवार के बाकी सदस्यों को कोटेदार राशन ही नहीं दे रहे हैं। जिसकी शिकायत डीएसओ के यहां पहुंच रही है।

परिवार के सदस्यों के आधार नम्बर नहीं है लिंक

महिला मुखिया के बीमार होने या किसी काम से घर से बाहर होने के कारण राशन लेने परिवार के अन्य सदस्य का कोटेदार के यहां जाना लाजिमी है। लेकिन इनके आधार नम्बर सॉफ्टवेयर से लिंक नहीं होने के कारण पीओएस के जरिए राशन का वितरण सम्भव नहीं हो पा रहा है। क्योंकि, पीओएस से थम्ब इम्प्रेशन के बाद ही कोटेदार महिला मुखिया को राशन का वितरण करते हैं। बाकी सदस्यों को राशन देने से साफ मना कर दे रहे हैं। ऐसे में प्रदेश में 3,36,91,679 परिवारों के सामने संकट उत्पन्न हो गया है। वहीं जिले में 7,51,778 परिवार के लोग प्रभावित हैं।

जिले में 455 पीओएस से हो रहा राशन वितरण

जिले में पीओएस से राशन वितरण के लिए 455 मशीने कोटेदारों को बांटी गई हैं। फिलहाल थम्ब इम्प्रेशन से राशन वितरण की व्यवस्था जिले के टाउन एरिया में शुरू की गई है। बरेली शहर, आंवला नगरीय क्षेत्र, मीरगंज, क्यारा, फतेहगंज पश्चिमी सहित अन्य जगहों पर पीओएस के जरिए ही राशन वितरण हो रहा है। लेकिन परिवार के मुखिया के अलावा बाकी सदस्यों के जाने पर राशन नहीं मिलने से राशन कार्ड धारक काफी परेशान हो रहे हैं। इस बात की शिकायत लेकर वह डीएम और डीएसओ के पास पहुंच रहे हैं.्

प्रदेश में राशन कार्ड धारक

- 2,95,97,354 पात्र गृहस्थी।

- 40,94,315 अंत्योदय।

बॉक्स

कार्ड होल्डर और राशन का आवंटन

- 6,52,091 पात्र गृहस्थी कार्ड होल्डर।

- 10011.463 मीट्रिक टन गेहूं।

- 4290.627 मीट्रिक टन चावल।

- 5 केजी प्रति यूनिट के हिसाब से।

- साढ़े तीन किग्रा गेहूं।

- डेढ़ किग्रा चावल।

- 99,687 अंत्योदय कार्ड होल्डर।

- 14953.05 मीट्रिक टन गेहूं।

- 19937.40 मीट्रिक टन चावल।

- 35 किग्रा प्रति कार्ड।

- 15 किग्रा केजी गेहूं।

- 20 किग्रा चावल।

सिर्फ परिवार के मुखिया का ही आधार नम्बर लिंक होने से राशन वितरण में दिक्कत आ रही है। इस बात की शिकायत मिली है कि परिवार के बाकी सदस्यों को राशन नहीं मिल पाता है। समस्या को देखते हुए कोटेदारों को बोल दिया गया है कि वह कोई अन्य आईडेंटी कार्ड देख कर राशन दें। यह छूट अगस्त तक ही रहेगा। उसके बाद परिवार के बाकी सदस्यों को भी आधार नम्बर लिंक कराने होंगे।

सीमा त्रिपाठी, डीएसओ