LUCKNOW: भाजपा के राज्यसभा में उपनेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रियंका गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा मुख्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि आजकल प्रियंका गांधी वाड्रा सक्रिय हैं। उनकी सक्रियता के पीछे मजबूरी है। वह अपने पति को बचाने के लिए सक्रिय हुई हैं। भाई की सक्रियता का जब असर नहीं हुआ और सोनिया, राहुल महंगाई और भ्रष्टाचार पर जनता को जवाब नहीं दे पाये तो प्रियंका सक्रिय हो गयी हैं। रविशंकर प्रसाद ने प्रियंका गांधी से सवाल पूछते हुए कहा कि रॉबर्ट वाड्रा का मॉडल ऑफ डेवलेपमेंट क्या है? जब यूपीए कार्यकाल में देश निवेश में पीछे जा रहा है तो रॉबर्ट वाड्रा का बिजनेस मॉडल कैसे चमक रहा है। रविशंकर ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा और राजस्थान की कांग्रेसी सरकारों ने सत्ता का दुरुपयोग कर रॉबर्ट वाड्रा को लाभ पहुंचाया और विरोध करने पर अशोक खेमका जैसे ईमानदार अधिकारियों पर गाज गिरा दी।