बिना परमिट के चल रही बारह बसों का काटा चालान, एक लाख से अधिक की वसूली

ALLAHABAD: परिवहन विभाग के लखनऊ मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद इलाहाबाद में गुरुवार को बड़ा अभियान शुरू किया गया। संभागीय परिवहन विभाग के एआरटीओ प्रथम रविकांत शुक्ला की अगुवाई में डग्गामार बसों के खिलाफ अभियान चला। अभियान में सिविल लाइंस बस स्टेशन से लेकर झूंसी तक बिना परमिट सड़कों पर दौड़ रही बारह बसों का चालान काटा गया और जुर्माना के रूप में एक लाख चालीस हजार रुपया वसूला गया। जुर्माना ना भरने पर एक डग्गामार बस को झूंसी थाने में बंद भी कराया गया।

चौदह तक चलेगा अभियान

इलाहाबाद में विभाग की ओर से चौदह फरवरी तक डग्गामार बसों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। आरटीओ सगीर अहमद ने अभियान को तेजी देने के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया है। पहले दिन एआरटीओ प्रथम रविकांत शुक्ला की अगुवाई में अभियान चला। तीन फरवरी से दो अन्य एआरटीओ के साथ टीमें गंगापार व जमुना पार के इलाके में बसों की धरपकड़ का काम करेंगी। विभागीय कर्मचारियों की मानें तो सिविल लाइंस और जीरो रोड बस स्टेशन के आसपास बिना परमिट के चल रही बसों के खिलाफ रणनीति बनाकर पकड़ा जाएगा।